प्रधानमंत्री मोदी ने झारखंड के डाल्‍टनगंज में अपनी पहली चुनावी रैली को किया संबोधित

0

डाल्‍टनगंज
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को झारखंड के डाल्‍टनगंज में अपनी पहली चुनावी रैली को संबोधित किया। झारखंड की जनता को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कश्‍मीर के अनुच्‍छेद 370 और अयोध्‍या विवाद की ओर इशारा करते हुए कहा कि बीजेपी जो वादे करती है उन्‍हें पूरा करती है, जबकि बाकी दल समस्‍याओं को लटकाए रखकर अपना वोट बैंक साधते हैं। इससे पहले 21 नवंबर को झारखंड में हुई अपनी पहली चुनावी सभा में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी राम मंदिर का जिक्र किया था।

पीएम मोदी ने कहा, 'बीजेपी ने जो भी वादे और ऐलान किए हैं, उन्‍हें हम एक के बाद एक जमीन पर उतार रहे हैं चाहे वे कितने मुश्किल रहे हों। दूसरों के पास समस्‍याएं हैं हमारे पास समाधान हैं।' मोदी ने आगे कहा, 'कांग्रेस के काम करने का तरीका समस्‍याएं टालने और उन पर वोट मांगने का रहा है। कांग्रेस ने इसीलिए आर्टिकल 370 का मसला लटकाए रखा। भगवान राम की जन्‍मभूमि का विवाद भी इन लोगों ने दशकों से लटकाया हुआ था। कांग्रेस चाहती तो समाधान निकाल सकती थी लेकिन उसने ऐसा न करके अपने वोट बैंक की परवाह की। देश और समाज का नुकसान किया।'

सामाजिक न्‍याय के पांच सूत्र
प्रदेश में सत्‍तारूढ़ बीजेपी सरकार का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा, ' बीजेपी सरकार ने नए झारखंड के लिए सामाजिक न्याय के पांच सूत्रों पर काम किया है। पहला सूत्र है- स्थिरता, दूसरा है- सुशासन, तीसरा है- समृद्धि, चौथा- सम्मान और पांचवां सूत्र है- सुरक्षा।' नरेंद्र मोदी का कहना था कि बीजेपी ने झारखंड को स्थिर सरकार दी है। झारखंड में भ्रष्टाचार समाप्त करने के लिए दिनरात काम किया है और पारदर्शी व्यवस्थाएं बनाई हैं। इस तरह बीजेपी ने झारखंड में समृद्धि का मार्ग खोला है।

नक्‍सलवाद के लिए पिछली सरकारों पर दोष
मोदी ने झारखंड में नक्‍सल समस्‍या का जिक्र करते हुए कहा, 'बीजेपी ने झारखंड को नक्सलवाद और अपराध से मुक्ति दिलाने के लिए, भयमुक्त वातावरण के लिए प्रयास किया है। झारखंड में नक्सलवाद की समस्या इसलिए भी बेकाबू हुई क्योंकि यहां राजनीतिक अस्थिरता थी। यहां सरकारें पिछले दरवाज़े से बनती और बिगाड़ी जाती थीं। क्योंकि उनके मूल में स्वार्थ और करप्शन होता था।

'विपक्षी गठबंधन का अजेंडा सत्ताभोग'
विपक्षी दलों पर हमला बोलते हुए मोदी ने कहा, 'इन स्वार्थी लोगों में झारखंड की सेवा करने के लिए कोई भावना नहीं है। इन स्वार्थी लोगों के गठबंधन का एकमात्र अजेंडा सत्ताभोग और झारखंड के संसाधनों का दुरुपयोग है। इसीलिए ये एक बार फिर आपको भ्रमित कर आपसे वोट मांग रहे हैं।'

'2022 तक सबको पक्‍का घर का वादा'
साल 2022 तक देश में हर गरीब को पक्‍के घर का वादा दुहराते हुए मोदी ने कहा, 'आज देश में हर गरीब परिवार को अपना पक्का घर मिल रहा है। जिन्हें अभी नहीं मिला है उन्हें मैं विश्‍वास दिलाता हूं कि काम तेजी से चल रहा है, 2022 में जब आजादी के 75 साल होंगे तो कोई ऐसा परिवार नहीं होगा जिसका अपना पक्का घर न हो।'
"झारखंड में नक्सलवाद की समस्या इसलिए बेकाबू हुई क्योंकि यहां सरकारें पिछले दरवाज़े से बनती और बिगाड़ी जाती थीं। क्योंकि उनके मूल में स्वार्थ और करप्शन होता था।"-पीएम नरेंद्र मोदी

'आयुष्‍मान झारखंड का गौरव'
महत्‍वाकांक्षी आयुष्‍मान योजना को झारखंड के गौरव के साथ जोड़ते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'हर गरीब परिवार को आयुष्मान योजना के तहत 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिल रहा है। झारखंड के लिए ये गौरव की बात है कि पूरे देश को आयुष्मान बनाने के लिए शुरु की गई ऐतिहासिक आयुष्मान योजना की शुरुआत झारखंड से ही की गई थी।'

'केंद्र और राज्‍य की योजनाओं का डबल लाभ'
केंद्र और राज्‍य में बीजेपी की सरकार होने के फायदे गिनाते हुए मोदी ने कहा, 'झारखंड को केंद्र और राज्य की योजनाओं का डबल लाभ मिल रहा है। गरीब से गरीब को मुफ्त गैस कनेक्शन मिला है, जिसका लाभ देश के 8 करोड़ परिवारों को मिला है। इसके साथ ही झारखंड के 33 लाख और पलामू के 50 हजार परिवारों को दूसरा सिलिंडर राज्य सरकार ने मुफ्त दिया है।'

'किसानों के सपने समझती है बीजेपी'
प्रदेश के किसान वर्ग को संबोधित करते हुए नरेंद्र मोदी ने कहा, 'उत्तर कोयल जलाशय योजना करीब 40 साल से अटकी हुई थी। तब जो सत्ता में थे, उन्होंने परियोजना को पूरा करने के लिए कभी गंभीर कोशिश ही नहीं की। बरसों तक पलामू, लातेहार और गढ़वा के लाखों किसान परेशान रहे लेकिन कांग्रेस और उसके साथी दलों ने उनकी चिंता नहीं की। किसान की मेहनत, सपने और उसकी गरिमा क्या होती है, ये बीजेपी समझती है।' उन्‍होंने आगे जोड़ा, 'दिल्ली और रांची में बीजेपी की सरकार बनने के बाद इस प्रोजेक्ट से जुड़ी समस्याओं का समाधान किया गया। सरकार में वापसी के बाद इस परियोजना को जल्द से जल्द पूरा किया जाए।'

30 नवंबर को पहले चरण का मतदान
गौरतलब है कि राज्य में 30 नवंबर को प्रथम चरण का मतदान है और 20 दिसंबर तक यहां पांच चरणों में चुनाव होंगे, जबकि मतगणना का काम 23 दिसंबर को होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *