September 20, 2024

महाराष्ट्र में सत्ता संग्राम : दिल्ली से मुंबई तक मोर्चेबंदी में जुटे दल, आधी रात में फडणवीस से मिले अजित पवार

0

 नई दिल्ली मुंबई
 
महाराष्ट्र में सियासी उठापटक के बीच रविवार को राजनीतिक दल दिल्ली से मुंबई तक मोर्चेबंदी में जुटे रहे। दिल्ली में शिवसेना, एनसीपी और कांग्रेस की याचिका पर उच्चतम न्यायालय में सुनवाई हुई। अदालत ने तुरंत शक्ति परीक्षण की मांग स्वीकार नहीं की। वहीं, महाराष्ट्र में तीनों दल अपने-अपने विधायकों को एकजुट रखने में लगे रहे। भाजपा ने भी अपने विधायकों के साथ बैठक कर उन्हें भरोसे में लिया।

इससे पहले शीर्ष कोर्ट ने सुनवाई के दौरान केंद्र व महाराष्ट्र सरकार को नोटिस जारी किया। न्यायमूर्ति एनवी रमन, न्यायमूर्ति अशोक भूषण और न्यायमूर्ति संजीव खन्ना की पीठ ने कहा, वे राष्ट्रपति शासन हटाने की अनुशंसा व सरकार बनाने का आमंत्रण देने वाले दस्तावेज देखना चाहते हैं। इस मामले में सोमवार सुबह 10:30 बजे सुनवाई होगी।

पीठ ने मुख्यमंत्री फडणवीस और उप मुख्यमंत्री अजित पवार को भी नोटिस जारी किया। अदालत ने दस्तावेज पेश करने के लिए दो दिन का समय देने के सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता के अनुरोध को भी नहीं माना। कोर्ट ने कहा, दस्तावेज सोमवार को ही पेश किए जाएं।

इससे पहले याचिकाकर्ताओं की ओर से वकील कपिल सिब्बल और अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा कि शक्ति परीक्षण तुरंत कराना चाहिए। ताकि, पता चले कि मुख्यमंत्री फडणवीस के पास बहुमत है या नहीं। इस पर अदालत ने कहा,पहले दस्तावेज देखने जरूरी हैं।
 
दक्षिण मुंबई स्थित अपने घर में रविवार को पूरा दिन बिताने वाले राकांपा नेता और उप मुख्यमंत्री अजित पवार ने रविवार देर रात मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से बंद कमरे में मुलाकात की। इससे पहले 24 नवंबर को दिन में उच्चतम न्यायालय ने कांग्रेस, राकांपा और शिवसेना की संयुक्त याचिका पर केंद्र, महाराष्ट्र सरकार, फडणवीस और अजित पवार को नोटिस जारी किया था। इस याचिका में भाजपा को सरकार बनाने के लिये आमंत्रित करने के राज्यपाल के 23 नवंबर के आदेश को रद्द करने की मांग की गई है।

मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास पर हुई इस बैठक में भाजपा के वरिष्ठ नेता चंद्रकांत पाटिल, विनोद तावड़े और गिरीश महाजन शामिल थे।महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा देर रात किये गए ट्वीट में कहा गया, “मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उप मुख्यमंत्री अजित पवार ने आज मुलाकात की और बेमौसम हुई बारिश से प्रभावित किसानों को अतिरिक्त मदद के विभिन्न उपायों पर चर्चा की। इस इस मुद्दे पर मुख्य सचिव और वित्त सचिव के साथ और चर्चा की जाएगी।”
 
शिवसेना की कवायद
गठबंधन नेताओं को एकजुट रखने के लिए शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे होटल में एनसीपी विधायकों से मिले। 
सभी विधायक होटल ललित भेजे गए। संजय राउत ने 165 विधायकों के साथ होने का दावा किया।

कांग्रेस की कसरत
कांग्रेस नेता पृथ्वीराज चव्हाण ने महाराष्ट्र में तुरंत शक्ति परीक्षण कराने की अदालत से अपील की।
विधायकों को खरीद-फरोख्त से बचाने के मकसद से उन्हें मैरियट होटल में शिफ्ट किया।

भाजपा का कदम
मुंबई में विधायक दल की बैठक हुई। इसमें पीयूष गोयल, देवेंद्र फडणवीस मौजूद रहे।
भाजपा ने अपने 105 विधायकों के अलावा 14 अन्य विधायकों के समर्थन का दावा किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *