अब अंधेरी रात में भी यमुना बैंक से कर सकेंगे ताज म​हल का दीदार

0

 आगरा 
ताजमहल का अब रात में दीदार रोज होगा। बस अंतर इतना होगा कि ये दीदार यमुना किनारे स्थित मेहताब बाग पर बनाए गए व्यू पॉइंट से होगा। यहां से रोज रात में ताज को निहारा जा सकेगा। इसके लिए सैलानियों को 20 रुपये देने होंगे। मेहताब बाग में विकास प्राधिकरण ने ताज व्यू प्वांइट विकसित किया है। यहां चार बेंच डाली हैं। इन पर बैठकर सैलानी ताज का दीदार कर सकेंगे। फोटोग्राफी भी कर सकेंगे। खास बात यह कि यहां से ताज को रात में रोज देखा जा सकता है। 

एक फायदा और होगा। शुक्रवार को ताजमहल बंद रहता है। उस दिन भी यह हिस्सा खुलेगा। सैलानी शुक्रवार को भी यहां से ताज देख सकेंगे। ताज व्यू प्वाइंट का शुक्रवार शाम पांच बजे राज्यमंत्री डॉ. जीएस धर्मेश शुभारंभ करेंगे। डीएम एनजी रवि कुमार ने बताया कि इस प्वाइंट से ताज का दीदार सैलानियों के लिए  काफी आसान होगा। वहीं सुरक्षा के भी बंदोबस्त रहेंगे। यहां पहले से ही पीएसी के जवानों की तैनाती है। वाच टावरों पर जवान तैनात रहते हैं।
 
अब तक पांच दिन ही देख सकते थे ताज
ताज का रात में दीदार अभी तक प्रत्येक माह की पूर्णिमा से दो दिन पहले और दो दिन बाद में होता था। इसके लिए आठ स्लॉट रहते हैं। एक स्लॉट आधा घंटे का होता है। प्रत्येक स्लॉट में अधिकतम 50 पर्यटक ही रात में ताज को निहार सकते हैं। सुरक्षा का पहरा भी काफी होता है। इसके लिए 750 रुपये की टिकट लेनी होती है। यही नहीं टिकट को एक दिन पहले बुक कराना होता है। कभी-कभी भीड़ ज्यादा होने के कारण सैलानी टिकट ले पाने से वंचित हो जाते हैं। 

ताज व्यू पॉइंट पर नहीं होगी कोई परेशानी
ताज व्यू पॉइंट पर एक प्लेटफार्म बनाया गया है। इस पर भी काफी लोग एक साथ खड़े हो सकते हैं। यह चार-पांच फीट चौड़ा है, लेकिन व्यू प्वाइंट वाला स्थल काफी चौड़ा बनाया गया है। उसके आसपास कटीले तारों की बेरीकेडिंग है। टिकट घर बनकर तैयार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *