प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण एवं संवर्धन हम सबकी जिम्मेदारी – गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू

0

रायपुर : गृह मंत्री श्री ताम्रध्वज साहू आज बोरसी दुर्ग में श्री किल्ला मंदिर लोक न्यास समिति के तत्वावधान में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर मंत्री श्री साहू ने यहाँ वृक्षारोपण किया और पौधे में अपने हाथों से पानी सींचा। उन्होंने इस पुनीत कार्य के लिए आयोजक समिति को धन्यवाद दिया और कहा कि समिति द्वारा सामाजिक सरोकार की दिशा में सराहनीय कार्य किया जा रहा है।
मंत्री श्री साहू ने वृक्षारोपण कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि समाज में जीवन के वास्तविक जरूरत के कार्य होना चाहिए। आज की जरूरत के साथ भविष्य की चिन्ता की जानी चाहिए।
प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण एवं उनका संतुलित मात्रा में उपयोग, पेड़-पौधों की रक्षा और जंगलांे को बचाना हम सब की जिम्मेदारी है। आज पर्यावरण असन्तुलित होता जा रहा है जिसका मुख्य कारण प्राकृतिक संसाधनों का असंतुलित दोहन, उजड़ते जंगल और अंधाधुंध पेड़-पौधों की कटाई है। हर नागरिक का कर्तव्य है कि वे अधिक से अधिक पेड़ पौधे लगाएं और उसकी सुरक्षा भी करें। उन्होंने कहा कि शहरों के साथ ही गाँवो की आबो-हवा प्रदूषित होती जा रही है। अगर यही स्थिति रही तो भविष्य में घोर संकट से गुजरना पड़ेगा। मानव के साथ जीव-जंतुओं का जीवन संकटमय हो जाएगा। उन्होंने भविष्य के इन संकटो से बचने के लिए लोगों से पर्यावरण की सुरक्षा तथा ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगाने का आग्रह किया।
इस अवसर पर दुर्ग शहर विधायक श्री अरुण बोरा ने कहा कि वृक्षारोपण का कार्य बहुत ही पुनीत कार्य है। आज प्रकृति असंतुलित होती जा रही है। इसे बचाने के लिए वृक्षारोपण नितान्त जरूरी है। पेड़-पौधे हमारे सच्चे मित्र हैं, जो जीवन में खुशहाली लाते हैं। उन्होंने लोगों से प्रकृति के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए आगे आने का आव्हान किया। इस अवसर पर श्री किल्ला मंदिर न्यास समिति के पदाधिकारी एवं सदस्यगण मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *