September 20, 2024

मुख्यमंत्री ने किया महाराष्ट्र मंडल के नये भवन का शिलान्यास भवन निर्माण के लिए 21 लाख रूपए देने की घोषणा

0

 शिक्षा और समाज सेवा के क्षेत्र में महाराष्ट्र मंडल ने बनायी अपनी पहचान: डॉ. रमन सिंह

जोगी एक्सप्रेस 

रायपुर मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आज यहां चौबे कालोनी में महाराष्ट्र मंडल के नवीन भवन का शिलान्यास किया। लगभग छह करोड़ रूपए की लागत से इस भवन का निर्माण किया जाएगा। डॉ. सिंह ने संस्था के नये भवन के निर्माण में सहयोग के लिए राज्य शासन की ओर से 21 लाख रूपए का अनुदान स्वीकृत करने की घोषणा की। लोक निर्माण मंत्री श्री राजेश मूणत की अध्यक्षता में आयोजित शिलान्यास समारोह में नगर निगम रायपुर के महापौर श्री प्रमोद दुबे विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित थे। 
मुख्य अतिथि की आसंदी से समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. रमन सिंह ने कहा – महाराष्ट्र मंडल ने शिक्षा और समाजसेवा के क्षेत्र में अपने कार्यों से एक आदर्श समाज की पहचान स्थापित की है। अपने शैक्षणिक संस्थानों के माध्यम से महाराष्ट्र मंडल नई पीढ़ी को शिक्षा के साथ-साथ संस्कार देने का काम भी कर रहा है। महाराष्ट्र मंडल के विभिन्न प्रकल्प बिना भेदभाव के समाज के सभी वर्गों को अपनी सेवाएं दे रहे हैं। समाज में शिक्षा, कामकाजी महिलाओं के लिए छात्रावास, दिव्यांग बालिकाओं के लिए शिक्षा के साथ-साथ उन्हें रोजगार से जोडने और जरूरतमंदों के लिए रक्तदान जैसे कार्य अनुकरणीय है। मुख्यमंत्री ने महाराष्ट्र मंडल के नवीन भवन के लिए स्वेच्छानुदान से 21 लाख रूपए की राशि उपलब्ध कराने की घोषणा की। 
लोक निर्माण मंत्री राजेश मूणत ने महाराष्ट्र मंडल द्वारा समाज सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा की। नगर निगम के महापौर ने भी समारोह को सम्बोधित किया। महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष  अजय मधुकर काले ने स्वागत भाषण दिया। उन्होंने महाराष्ट्र मंडल के इतिहास और कार्यों पर प्रकाश डाला। भवन निर्माण समिति के संयोजक  रामदास जोगलेकर ने प्रस्तावित भवन की रूप-रेखा के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि यह भवन सभी समाजों को सामाजिक कार्यों के लिए उपलब्ध रहेगा। इस अवसर पर महाराष्ट्र मंडल के अनेक पदाधिकारी, सदस्य और प्रबुद्ध नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।  
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *