September 20, 2024

मूणत ने राजधानी के दो वार्डों में लगभग दो करोड़ के विकास कार्यों का किया भूमि पूजन

0


वार्डों में हर सप्ताह जन भागीदारी से विशेष सफाई अभियान चलाने अपील की

 

जोगी एक्सप्रेस 

रायपुर लोक निर्माण मंत्री राजेश मूणत ने आज राजधानी के दो वार्डों में भ्रमण कर वहां लगभग दो करोड़ रूपए के विकास कार्यों का भूमि पूजन किया। इनमें ठाकुर प्यारेलाल सिंह वार्ड में एक करोड़ रूपए और पं. ईश्वरीचरण शुक्ल वार्ड में 78 लाख रूपए की राशि से होने वाले विकास कार्य शामिल हैं। श्री मूणत ने जन सुविधा के लिए ठाकुर प्यारेलाल वार्ड में शीघ्र ही उद्यान विकसित करने और वहां सताक्षी मंदिर के पास आदर्श बाजार में ओपन जिम स्थापना की घोषणा की। उन्होंने वहां वार्ड के 17 स्वास्थ्य मितानिनों को उत्कृष्ट सेवा के लिए सम्मानित भी किया। लोक निर्माण मंत्री  मूणत ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि रायपुर शहर को सुन्दर और स्वच्छ बनाने हमारी प्राथमिकता में हैं। इसके तहत नगर में सफाई अभियान को सफल बनाने में सबकी भागीदारी होनी चाहिए। उन्होंने महिलाओं को भी इस अभियान में सक्रियता से जुड़कर सफाई मित्र समूह के रूप में कार्य करने के लिए आव्हान किया। उन्होंने कहा कि हम सभी अपने घर के साथ-साथ अपने-अपने गली-मोहल्लों को साफ-सुथरा रखने में अहम भागीदारी निभाएं। इसके लिए उन्होंने वार्डों में हर सप्ताह जन भागीदारी से विशेष सफाई अभियान चलाने का आव्हान किया। कार्यक्रम को नगर निगम रायपुर के महापौर  प्रमोद दुबे, पार्षद  सूर्यकांत राठौर, पार्षद अश्वनी धु्रव, पार्षद  मीनल चौबे तथा पार्षद  दिलीप यदु ने भी सम्बोधित किया। वार्डाे के विकास के लिए भूमि पूजन हुए कार्यों में पं. ईश्वरीचरण वार्ड के अंतर्गत सी.सी. रोड, नाली निर्माण आदि का कार्य किया जाएगा। इनमें वार्ड के आमानाका चौक से मेन रोड तक सी.सी. रोड का निर्माण 23 लाख रूपए और दुर्गा चौक से डूमर तालाब मेन रोड तक सी.सी. रोड का निर्माण 9.30 लाख रूपए से किया जाएगा। इसी तरह वार्ड के कुकरबेड़ा तथा बंगाली पारा में 30 लाख रूपए की राशि से नाली का निर्माण और डूमर तालाब से शीतला पारा तक 4.50 लाख रूपए से पहुंच मार्ग का निर्माण किया जाएगा। इसी तरह ठाकुर प्यारेलाल वार्ड में 28.31 लाख रूपए से डामरी करण कार्य और कृष्णानगर के पास 14 लाख रूपए की राशि से नाली तथा पुलिया निर्माण का कार्य और सताक्षी मंदिर के पास तथा डंगनिया में लगभग 17 लाख रूपए राशि से दो सामुदायिक भवन का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा वार्ड के तुरकी तालाब के क्षेत्र में 12 लाख रूपए की लागत से नाली तथा सड़क निर्माण किया जाएगा। साथ ही वार्ड के निगम कालोनी अश्वनी नगर एवं मंगल बाजार में पेयजल सुविधा के लिए 10 लाख रूपए की लागत से पाईप लाइन का विस्तार और डंगनिया स्कूल से माँ बम्बलेश्वरी मंदिर तक 15 लाख रूपए की लागत से नाली एवं पुलिया निर्माण किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *