‘मैं भी चौकीदार’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज, लाखों पेशवरों से करेंगे सीधी बात

0

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज ‘मैं भी चौकीदार हूं ’ अभियान के तहत देशभर के 500 स्थानों पर वीडियों कांफ्रेंसिंग कर लोगों से सीधा सवांद करेंगे। दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में होने वाले इस कार्यक्रम में देश के अन्य हिस्सों से भी अलग-अलग क्षेत्र के पेशेवर उनके साथ जुड़ेंगे। उम्मीद की जा रही है कि प्रधानमंत्री इस कार्यक्रम के माध्यम से कोई बड़ी घोषणा भी कर सकते हैं। उन्होंने स्वयं इस कार्यक्रम में जुड़ने के लिए अलग-अलग क्षेत्र के लोगों से अपील की है।
भाजपा सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक पार्टी का मैं भी चौकीदार कार्यक्रम बेहद सफल रहा है। इससे लाखों लोगों ने जुड़कर देश की वर्तमान व्यवस्था पर अपनी अभिव्यक्ति जाहिर की है। यही कारण है कि पार्टी ने इसे अपना प्रमुख चुनावी अभियान बना लिया है। भाजपा नेताओं ने बताया कि दिल्ली में सभी संसदीय क्षेत्रों में यह कार्यक्रम आयोजित होगा जिसमें से किसी एक में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह भी शामिल होंगे। सभी सांसदों के साथ ही विधायक, जिला अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारी अपने संसदीय क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। कार्यकर्ताओं को अलग-अलग व्यवसाय व समुदाय से जुड़े लोगों, युवाओं सहित अन्य लोगों को जोड़ने का आह्वान किया गया है ताकि लोग प्रधानमंत्री के साथ संवाद कर सकें।
साथ ही दिल्ली प्रदेश भाजपा ने चुनाव प्रचार के सिलसिले में प्रधानमंत्री की चार रैलियों की मांग की है। इसके लिए बुराड़ी के निरंकारी मैदान, शास्त्री पार्क, रोहिणी के जापानी पार्क और महरौली के पास एक मैदान के रूप में जगह का भी चयन किया गया है। हालांकि, प्रधानमंत्री की चुनावी व्यस्तता के चलते दिल्ली में उनकी केवल दो रैलियों के होने की ही संभावना है।
वहीं अगर दिल्ली प्रदेश के चुनावी अभियान की बात करें तो यूनिट ने अपने चुनाव प्रचार की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। प्रदेश यूनिट ने 140 वीडियो तैयार किए हैं जिनमें सबसे ज्यादा दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार पर हमला किया गया है। इसके अलावा प्रधानमंत्री की सुरक्षा और विकास के लिए किए गए काम को प्रमुख विषय के रूप में चुना गया है। प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कई वीडियो में खुद अपनी आवाज दी है।दिल्ली प्रदेश ने एक डिजिटल रथ भी प्रचार के लिए तैयार किया है। इस रथ पर स्क्रीन पर अरविंद केजरीवाल के उन भाषणों को जनता को दिखाया जाएगा जिसमें उन्होंने जनता से तमाम वायदे कर रखे हैं। कांग्रेस पर उनके हमलों और मौजूदा संभावित गठबंधन को भी इसमें निशाना बनाया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *