गुरमीत राम रहीम छत्रपति हत्‍याकांड में भी दोषी करार, 17 को सुनाई जाएगी सजा

0

पंचकूला। डेरा सच्‍चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को एक और मामले में दोषी करार दिया गया है। पत्रकार रामचंद्र छत्रपति हत्या मामले में पंचकूला की विशेष सीबीआइ अदालत ने गुरमीत सहित चार आरोपिताें को दोषी करार दिया। जज जगदीप सिंह ने करीब तीन बजे अपना फैसला सुनाया।

अदालत सजा पर फैसला 17 जनवरी को सुनाएगी। गुरमीत अभी साध्‍वी दुष्‍कर्म मामले में रोहतक की सुना‍रिया जेल में 20 कैद की सजा काट रहा है। गुरमीत के साथ कृष्ण लाल, कुलदीप और निर्मल सिंह को दोषी करार दिया गया है। सीबीआइ के वकील एचपीएस वर्मा के अनुसार इस मामले में कम से कम उम्रकैद व अधिकतम फांसी की सजा सुनाई जा सकती है।

मामले में फैसला सुनाए जाने से पहले कृष्ण लाल, कुलदीप और निर्मल सिंह को अदालत में पेश किया गया। गुरमीत राम रहीम वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये सुनारिया जेल से ही पेश हुआ। इस दौरान पंचकूला के पूरे अदालत परिसर की पुलिस ने एक तरह से किलबंदी कर दी गई थी। कोर्ट परिसर और आसपास के क्षेत्र में चप्‍पे-चप्‍पे पर पुलिस तैनात थी। वरिष्‍ठ पुलिस अफसर भी वहां मौजूद रहे। साध्वी दुष्‍कर्म मामले में गुरमीत राम रहीम को जज जगदीप सिंह इने ही सजा सुनाई थी। गुरमीत सुनारिया जेल में दो साध्वियों से दुष्‍कर्म के मामले में 20 साल कैद की सजा काट रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *