बुलंदशहर हिंसा: सीएम योगी आदित्यनाथ बोले- ये घटना एक बड़ी साजिश का हिस्सा है

0

लखनऊ : बुलंदशहर में भड़की हिंसा को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस अधिकारियो की बैठक ली है. बैठक में आधी रात तक कानून-व्यवस्था की समीक्षा कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने बुलंदशहर की हिंसा व आगजनी को एक गहरी साजिश का हिस्सा करार देते हुए ऐसे लोगों को तुरंत गिरफ्तार करने के निर्देश दिए हैं। वहीं गोकशी करने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। साथ ही बुलंदशहर में मारे गए सुमित चौधरी और लखनऊ में मारे गए भाजपा नेता प्रत्युष मणि त्रिपाठी के परिजनों को दस-दस लाख रुपये की आर्थिक सहायता की घोषणा की। मुख्यमंत्री के रुख के मद्देनज़र माना जा रहा है कि इंटेलीजेंस के एडीजी की रिपोर्ट आने के बाद बुलंदशहर के एसपी को हटाया जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने बैठक में पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि हिंसा फैलाने वालों से कड़ाई से निपटा जाए। अगर किसी जिले में हिंसा होती है तो अधिकारी व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार होंगे। उन्होंने बुलंदशहर की घटना को षड्यंत्र करार दिया। बैठक के दौरान सवाल उठा कि आखिर कैसे बुलंदशहर में ही ऐसी घटना हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह घटना अचानक नहीं हुई। आखिर यह बवाल उसी शहर में क्यों हुआ जहां एक बड़ा समारोह हो रहा था। मुख्यमंत्री आला पुलिस अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि बुलंदशहर में गोकशी कब से चल रही थी। यह सब कुछ अचानक तो हुआ नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *