खरीद-फरोख्त और जोड़-तोड़ कांग्रेस का राजनीतिक चरित्र‘

0

 भाजपा पदाधिकारियों ने जताया भारी बहुमत से जीत का भरोसा


रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री त्रय संतोष पाण्डेय, गिरधर गुप्ता और डॉ. सुभाऊराम कश्यप ने प्रदेश में भाजपा की भारी बहुमत के साथ चौथी बार सत्ता में वापसी का दावा किया है।
भाजपा प्रदेश महामंत्रियों ने गुरुवार को जारी एक संयुक्त वक्तव्य में कांग्रेस को दुविधाजन्य हताशा से ग्रस्त बताते हुए कहा है कि एक ओर सरकार बनाने का दावा करने वाले कांग्रेस नेता अपने प्रत्याशियों की खरीद-फरोख्त को लेकर भी सशंकित हैं। कांग्रेस नेताओं को यह कभी नहीं भूलना चाहिए कि खरीद-फरोख्त या जोड़-तोड़ की राजनीति करके सत्ता पाना कांग्रेस का ही राजनीतिक चरित्र रहा है। सन् 2003 में कांग्रेस अपना यह परिचय दे चुकी है। भाजपा जनादेश का विनम्र भाव से सम्मान करती है और स्वस्थ लोकतांत्रिक व संसदीय परम्पराओं के प्रति दृढ़ विश्वास रखती है। फिर जिस कांग्रेस के नेताओं को अपने प्रत्याशियों की दलीय निष्ठा पर ही पक्का भरोसा नहीं है, उन पर प्रदेश की जनता आखिर क्यों और कैसे भरोसा करेगी?
भाजपा नेताओं ने कहा कि कांग्रेस के नेता भारी मतदान के कारण इतने ज्यादा कन्फ्यूज हो गए हैं कि उन्हें अब दिन में भी सत्ता के ख्वाब आ रहे हैं। हमें पूर्ण विश्वास है कि 11 दिसम्बर को मतगणना के बाद कांग्रेस नेता दिन में ख्वाब देखने के बजाय तारे गिनते नजर आएंगे। प्रदेश की जनता ने हमारेे मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह और उनकी सरकार के विकासपरक व लोककल्याणकारी कार्यों पर अपनी मुहर लगा दी है और हम चौथी बार भारी बहुमत के साथ सत्ता में वापसी कर रहे हैं। पहले व दूसरे चरण के मतदान के आंकड़े साफ संकेत कर रहे हैं कि भाजपा अपने मिशन 65 प्लस के आंकड़े को पार कर रही है। पिछले 15 वर्षों में कांग्रेस का ग्राफ जिस तेजी से गिरा है, वह भी भाजपा के प्रति बढ़ते जन-विश्वास का द्योतक है। इसी के साथ आगामी लोकसभा चुनाव में भी भाजपा एक बार फिर केंद्र में सरकार बनाकर छल-प्रपंच और झूठ की राजनीति कर रही कांग्रेस से देश को मुक्त कराएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed