दिल्ली पहुंचकर खत्म हुई किसान क्रांति यात्रा

0

नई दिल्ली : ‘किसान क्रांति यात्रा’ दिल्ली पहुंचकर खत्म हो गई है। भारतीय किसान यूनियन द्वारा 23 सितंबर को शुरू हुआ यह मार्च मंगलवार देर रात राजधानी दिल्ली के किसान घाट पहुंचकर खत्म हो गया। इससे पहले पुलिस ने किसानों को दिल्ली में एंट्री की इजाजत नहीं दी थी लेकिन देर रात करीब 12:30 बजे पुलिस ने बैरियर खोल दिए और किसानों को दिल्ली में प्रवेश की इजाजत दे दी।

पूर्व प्रधानमंत्री और किसान नेता चौधरी चरण सिंह के स्मारक किसान घाट पहुंच किसानों ने अपना आंदोलन वापस लेने की घोषणा कर दी। भारतीय किसान यूनियन के अध्यक्ष नरेश टिकैत ने कहा, ’23 सितंबर को शुरू हुई ‘किसान क्रांति यात्रा’ किसान घाट पहुंचकर खत्म हो गई है। चूंकि दिल्ली पुलिस ने हमें राजधानी में घुसने की इजाजत नहीं दी थी इसलिए हमने प्रदर्शन किया था। हमारा मकसद यात्रा को खत्म करने का था जो अब पूरा हुआ। अब हम अपने गांव जाएंगे।’

अचानक बैरियर खुलने की जानकारी मिलते ही किसानों में खुशी की लहर दौड़ पड़ी। हाथों में बैनर लिए और नारेबाजी करते ये लोग अब किसान घाट पहुंच गए।देर रात अचानक किसानों को दिल्ली में एंट्री की खबर मिलते ही सड़कों पर सो रहे किसान जाग उठे और ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर दिल्ली की ओर कूच कर गए। देर रात यूपी गेट और लिंक रोड पर करीब 3000 किसान मौजूद थे, जो सड़कों पर सो रहे थे। दिल्ली में एंट्री की खबर मिलते ही किसानों में खुशी की लहर दौड़ गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *