जनता रमन सिंह को भीष्म पितामह नहीं मानती:धनंजय सिंह ठाकुर

0

मंत्री अजय चंद्राकर चाटुकारिता की हद पार कर गये;ठाकुर


रायपुर/ स्वास्थ्य मंत्री अजय चंद्राकर ने मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह को इच्छा मृत्यु वाला बताकर उनकी तुलना भीष्म पितामह से की इस पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि मंत्री अजय चंद्राकर का बयान लोकतंत्र के विपरीत है। लोकतंत्र में जनता निर्णयकर्ता होती है। जनता रमन सिंह को भीष्म पितामह नहीं मानती है। राज्य में प्रशासनिक अराजकता, अत्याचार, भाजपा की कमीशनखोरी, भ्रष्टाचार व्याप्त है। महिलाएं सुरक्षित नहीं है, किसान आत्महत्या कर रहे हैं, नौजवान बेरोजगार है और आरएसएस और भाजपा की भूमिका धृतराष्ट्र और गंधारी की तरह हैं। मुख्यमंत्री रमन सिंह को खुश करने मंत्री अजय चंद्राकर ने चाटुकारिता की हदे लांघ दी है, उन्हें देवताओं की उपमा देने लगे है। उन्होंने अजय चंद्राकर पर कटाक्ष करते हुए कहा कि रमन सिंह अजय चंद्राकर के लिये देवता हो सकते है परन्तु छत्तीसगढ़ की जनता उन्हें देवता नही मानती है। उन्होंने अजय चंद्राकर से सवाल किया, फसल खराब होने बीमा की राशि, धान का समर्थन मूल्य 2100 रुपये एवं 300 रुपये बोनस नही मिलने, कर्ज से हताश, परेशान किसानो ने आत्महत्या कर लिया क्या उनके परिजन डॉ रमन सिंह को भीष्म पितामह मानते है? आउटसोर्सिंग से शासकीय पदों में भर्ती कर राज्य के युवाओ का अधिकार छीना गया क्या वे युवा रमन सिंह को भीष्मपितामह मानते है? अनुसूचित जाति, जनजाति को उनके हक अधिकार के जल, जंगल, जमीन से खदेड़ा गया क्या वे रमन सिंह को भीष्म पितामह मानते हैं? नसबंदी कांड में मां खोने वाले मासूम बच्चे, आंख फोड़वा कांड में आंख खोने वाले बुजुर्ग, गर्भाशय कांड में मातृत्व सुख खोने वाली मातायें क्या रमन सिंह को भीष्म पिता मानते हैं? मेकाहारा में ऑक्सीजन की कमी के कारण अपने नवजात खोने वाले एंबुलेंस का दरवाजा नहीं खुलने के कारण अपने मासूम बच्चे को खोने वाले माता-पिता क्या रमन सिंह को भीष्म पितामह मानते हैं? मनरेगा में काम करने के बाद मजदूरी का भुगतान नहीं मिलने से भूखे रहने वाले मजदूर क्या रमन सिंह को भीष्म पितामह मानते हैं? उन्होंने कहा कि राज्य का किसान, मजदूर, महिलाएं, युवा, बेटियां, व्यापारी, गृहणी रमन सिंह को भीष्म पितामह नहीं मानते हैं और आने वाले दिनों में कुशासन और भ्रष्टाचार की सरकार को उखाड़ फेंकने तैयार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *