लोकसभा उप चुनाव : गोरखपुर तथा इलाहाबाद के फूलपुर में मतदान शुरू

0

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की दो बेहद महत्वपूर्ण मानी जाने वाली लोकसभा सीट के लिए आज मतदान शुरु हो गया है। प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ की कर्मस्थली गोरखपुर के साथ ही इलाहाबाद के फूलपुर लोकसभा क्षेत्र के उप चुनाव के लिए मतदान सुबह सात बजे से शुरु हो गया है। इसकी शुरुआत मॉक पोलिंग से हुई है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की रिक्त सीट गोरखपुर तथा उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की रिक्त सीट फूलपुर लोकसभा क्षेत्र में आज मतदान के साथ ही इन दो दिग्गजों के लिए भी काफी अहम दिन है। सीएम योगी आदित्यनाथ तूफानी दौरे के बाद कल देर शाम गोरखपुर पहुंच गए हैं। वह भी आज मतदान करेंगे। मतदान को लेकर सभी तरह की तैयारियां पूरी है। इन दोनों जगह पर सात बजे से मतदान शुरू हो गया है, जो कि शाम पांच बजे तक चलेगा।

गोरखपुर में कुल पांच विधानसभा सीटें हैं। जहां 970 मतदान केंद्रों व 2141 मतदेय स्थलों पर मतदान सुबह सात बजे से शुरु हो गया है। इसी तरह इलाहाबाद के फूलपुर में इलाहाबाद जिले की कुल पांच विधानसभा सीटें हैं। जहां 793 मतदान केंद्रों व 2059 मतदेय स्थलों पर मतदान सुबह सात बजे से शुरु हो गया है। फूलपुर लोकसभा क्षेत्र में आने वाली इलाहाबाद पश्चिमी विधानसभा सीट के 45 मतदान केंद्र व 95 मतदेय स्थल कौशाम्बी जिले में आते हैं।

इलाहाबाद के फूलपुर लोकसभा क्षेत्र के उपचुनाव में 2155 में 1820 पोलिंग बूथ पर केंद्रीय अद्र्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है। आज यहां पर 19.63 लाख मतदाता 22 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला लिखेंगे।

गोरखपुर सदर संसदीय सीट पर हो रहे उपचुनाव में 19.49 लाख मतदाता आज मतदान करेंगे। शहर में सर्वाधिक 4.34 लाख जबकि सहजनवा में सबसे कम 3.57 लाख मतदाता हैं। इनमें आठ लाख से अधिक महिलाएं हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *