शार्टकट की घृणित राजनीति पर उतर आई है कांग्रेस : लोगों में तरह-तरह के भ्रम फैला रही– डॉ. रमन सिंह

0

रायपुर। विधानसभा में विनियोग विधेयक पर चर्चा के दौरान आज मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह ने कांग्रेस पर तीखे हमले किये। उन्होंने कहा कि सत्ता पाने की लालसा में कांग्रेस शार्टकट की घृणित राजनीति में उतर आई है। लोगों में तरह-तरह का भ्रम फैलाने की कोशिश कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कांग्रेस ही हो सकती है, जिसमें सुप्रीम कोर्ट तक के फैसले को नकारने की ताकत हो। अगास्टा मामले में उसने जितने भी आरोप लगाए, वो सुप्रीम कोर्ट के फैसले से गलत साबित हो गए। सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट कह दिया है कि यह राजनीतिक कारणों से लगाया गया प्रकरण है। उन्होंने कहा कि राजनीति पहली बार तब कलंकित हुई थी जब इसी कांग्रेस की सरकार ने 15 विधायकों को खरीदने की कोशिश की थी, दूसरी बार तब कलंकित हुई जब इसने सीडी उछालने की कोशिश की। मुख्यमंत्री ने कहा कि विधायक खरीद-फरोख्त कांड की वजह से कांग्रेस 15 साल के लिए सत्ता से दूर हो गई, और अब सीडी कांड की वजह से 15 साल के लिए और दूर हो जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुझे मेरे काम की वजह से जनता ने चाउंर वाले बाबा नाम दिया, अब वही तय करेगी कि सीडी वाले बाबा कौन होगा।
डॉ.रमनसिंह ने कहा कि भूराजस्व संहिता में संशोधन के लिए विधेयक जनता की बेहतरी के लिए लाया गया था। लेकिन कांग्रेस ने लोगों को भ्रमित किया। हमने लोगों में फैले भ्रम को दूर करने के लिए विधेयक वापस ले लिया। यह पार्टी सिर्फ भ्रम फैलाने का काम करती है। इसी तरह इसने स्काई योजना को लेकर भी भ्रम फैलाया। उन्होंने कहा कि राजनीति में हमेशा अच्छे का बोलबाला होता है, बुरे का क्या होता है यह सभी को पता है।
अपने पाप से नहीं बच सकती कांग्रेस
मुख्यमंत्री ने कहा कि सन् 2000 से 2003 तक प्रदेश में इसी कांग्रेस की सरकार थी। उस सरकार की बात कोई नहीं करना चाहता। सिर्फ 3 साल में एक नायक को जनता की नजरों में खलनायक बन गया। आज कांग्रेस के लोग इस बात को स्वीकार नहीं करना चाहते कि उस समय इन्हीं की सरकार थी। उन्होंने कहा कि उस समय कांग्रेस की सरकार ने कैसा विषैला वातारण बना दिया था, यह सभी को याद है। कांग्रेस उस व्यक्ति को पार्टी से निकालकर अपनी जिम्मेदारी से मुक्त नहीं हो सकती। वह उस पाप की समान भागीदार है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब भारतीय जनता पार्टी की सरकार सत्ता में आई तब छत्तीसगढ़ में शांति और विकास का रास्ता खुला।
सिमट कर रह गई कांग्रेस 
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे देश में आज कांग्रेस इतनी कमजोर हो गई है कि केवल 7 प्रतिशत क्षेत्र में सिमट कर रह गई है। आज उसे भारतीय जनता पार्टी का मुकाबला करने के लिए दूसरी पार्टियों के साथ की जरूरत पड़ रही है। इनकी ताकत इतनी कम हो गई है। उन्होंने कहा कि आज हम जितनी बार मोदी का नाम नहीं लेते, उतनी बार, सोते-जागते कांग्रेस मोदी-मोदी रटती रहती है।
डॉ.रमन सिंह ने कहा कि इंतजार बहुत बुरी चीज है। कभी किसी फोन काल पर दो मिनट भी इंतजार करना पड़े तो हम परेशान हो जाते हैं। समझा जा सकता है कि 15 साल में कांग्रेस की क्या हालत हो गई होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed