कलेक्टर ने कुशहा गौठान में महिलाओं से जानी आजीविका गतिविधियों की कहानी

0

कलेक्टर ने कुशहा गौठान में महिलाओं से जानी आजीविका गतिविधियों की कहानी, गौठान में लक्ष्मी स्वसहायता समूह ने वर्मी खाद उत्पादन से कमाए 1.61 हज़ार रुपये, खाद निर्माण के साथ मशरूम उत्पादन की भी तैयारी,गौठान में संलग्न मां वैष्णो समूह की महिलाएं कर रही बकरी और मुर्गी पालन, महिलाओं को आर्थिक मजबूती देने गौठान बने महत्वपूर्ण ज़रिया
कोरिया 16 मार्च 2022/कलेक्टर श्री कुलदीप शर्मा एवं मुख्यकार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री कुणाल दुदावत ने सोनहत स्थित कुशहा गौठान में स्व सहायता समूह की महिलाओं द्वारा आजीविका गतिविधियों का जायजा लिया और उनसे आजीविका, क्रियान्वयन और आमदनी की विस्तार से जानकारी ली। कुशहा गौठान में वर्मी खाद उत्पादन में संलग्न लक्ष्मी स्वसहायता समूह की महिलाओं ने बताया कि समूह में 10 महिलाएं काम कर रही हैं। अब तक 583 क्विंटल वर्मी खाद का उत्पादन समूह ने किया है और इसमें से 518 क्विंटल खाद का विक्रय किया जा चुका है। वर्मी खाद के विक्रय से समूह को 1.61 लाख की शुद्ध आय प्राप्त हुई है। अब समूह की महिलाएं वर्मी निर्माण के साथ ही मशरूम उत्पादन की आजीविका के प्रति आगे बढ़ रही हैं। पहले चरण में 250 बैग तैयार किए जा रहे हैं।
कलेक्टर ने कहा कि सोनहत को मशरूम उत्पादन क्लस्टर के रूप में तैयार किया जाना है। उन्होंने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के जिला एवं खण्ड स्तरीय अधिकारियों को पूरे ब्लॉक में 5000 बैग मशरूम उत्पादन के तैयार करवाने निर्देशित किया।

महिला समूह कर रहा बकरी एवं मुर्गी पालन, मुर्गी पालन को बढ़ाने पशुधन विकास विभाग को 450 चूज़े समूह को देने के निर्देश
कलेक्टर श्री शर्मा ने गौठान परिसर में मां वैष्णो समूह द्वारा बकरी एवं मुर्गी पालन की गतिविधि का भी जायजा लिया। गौठान में बकरी एवं मुर्गी पालन के लिए शेड बनाये गये हैं। कलेक्टर ने इस दौरान मुर्गी पालन को बढ़ाने पशुधन विकास विभाग को 450 चूज़े समूह को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।उन्होंने बिहान के अधिकारियों को निर्देशित किया कि समूह की महिलाओं को आजीविका के संचालन, आमदनी और विस्तार की विस्तृत जानकारी जरूर दें जिससे उनमें काम के प्रति रुचि जगे। इस दौरान एसडीएम सोनहत एवं जिला व खंड स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *