मुख्यमंत्री ने किया 878 करोड़ से ज्यादा के निर्माण कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन

0


सुगम-सुरक्षित यातायात के लिए 11 किलोमीटर के रिंग रोड का भी किया शिलान्यास

रायपुर, मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आज सरगुजा संभाग और जिले के मुख्यालय अम्बिकापुर में आयोजित कार्यक्रम में 878 करोड़ 69 लाख रूपए के 28 विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण, भूमिपूजन और शिलान्यास किया। इनमें 13 करोड़ 17 लाख रूपए के पूर्ण हो चुके 14 और 844 करोड़ 45 लाख रूपए के नये स्वीकृत 14 निर्माण कार्य शामिल है।
डॉ. सिंह ने इस अवसर पर अम्बिकापुर शहर में सुगम और सुरक्षित यातायात के लिए 97 करोड़ 57 लाख रूपए की लागत से बनने वाले लगभग 11 किलोमीटर के रिंग रोड का भी भूमिपूजन और शिलान्यास किया। इसके अलावा उन्होंने अम्बिकापुर से पत्थलगांव तक लगभग 80 किलोमीटर सड़क चौड़ीकरण और उन्नयन कार्य के लिए भी भूमिपूजन किया। यह सड़क कटनी-गुमला राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 43 में शामिल है। मुख्यमंत्री के हाथों इस मौके पर कई नवनिर्मित पुल-पुलियों, स्कूल भवनों और अन्य सार्वजनिक भवनों का भी लोकार्पण हुआ। उन्होंने कई नये स्वीकृत सड़क निर्माण कार्य, पेयजल प्रकल्प सहित विभिन्न कार्यों का भूमिपूजन और शिलान्यास किया।
इस मौके पर गृह, जेल और लोकस्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्री रामसेवक पैकरा, श्रम, खेल और युवा कल्याण मंत्री श्री भईयालाल राजवाड़े, लोक निर्माण, आवास और पर्यावरण मंत्री श्री राजेश मूणत, विधानसभा के नेताप्रतिपक्ष श्री टी.एस. सिंहदेव, विधायक सर्वश्री अमरजीत भगत और चिंतामणि महाराज, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती फुलेश्वरी सिंह, राज्य सहकारी बैंक संचालक मंडल के सदस्य श्री अखिलेश सोनी, राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य श्री रामकिशुन सिंह, राज्य अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य श्री प्रबोध मिंज तथा जिले के अनेक वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी भी उपस्थित थे।  विधानसभा के नेताप्रतिपक्ष श्री टी.एस. सिंहदेव ने अम्बिकापुर में रिंग रोड निर्माण के लिए राशि स्वीकृत करने और बजट में शामिल करने पर मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के प्रति विशेष रूप से आभार व्यक्त किया। समारोह को गृह मंत्री श्री रामसेवक पैकरा, लोक निर्माण मंत्री श्री राजेश मूणत और श्रम मंत्री श्री राजवाड़े ने भी सम्बोधित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed