केवल 5 रुपए में मजदूरों को मिलेगा भरपूर भोजन, टिफिन में भी ले जाने की होगी सुविधा : मुख्यमंत्री

0

रायपुर : केवल 5 रुपए में मजदूरों को मिलेगा भरपूर भोजन, टिफिन में भी ले जाने की होगी सुविधा : मुख्यमंत्री ने राजनांदगांव में श्रमिकों के साथ भोजन कर पंडित दीनदयाल अन्न सहायता योजना का किया शुभारंभ


मुख्यमंत्री ने कहा, भोजन पौष्टिक और हाईजिनिक, श्रमिकों को बेहद कम मूल्य में अच्छा गुणवत्तापूर्वक भोजन देना योजना का लक्ष्य

रायपुर, ,मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने आज राजनांदगांव नगर के जयस्तम्भ चौक में श्रमिकों को 5 रूपए में गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने वाली पंडित दीनदयाल अन्न सहायता योजना का शुभारंभ श्रमिकों के साथ भोजन कर किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने श्रमिकों से भोजन पर चर्चा करते हुए कहा कि दिन में आपको बहुत जल्दी काम पर निकलना पड़ता है और कई बार पति-पत्नी दोनों मजदूरी पर निकल जाते हैं। ऐसे में भोजन के लिए सुबह से ही जुटना पड़ता है। इस समस्या से मजदूर भाइयों को कैसे मुक्ति मिले, इसके समाधान के लिए यह योजना लाई गई। अब सुबह 8 बजे आते ही आपको गर्मागर्म खाना मिल जाएगा और टिफिन के लिए भी आप खाना पैक करा पाएंगे। पांच रूपए में खाने की यह सुविधा गुणवत्तापूर्ण होगी इसका पूरा ध्यान रखा गया है। कन्हारपुरी से आये श्रमिक श्री खगेश्वर साहू ने इस योजना के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि जितनी सुबह हम आ जाते हैं। उतने जल्दी हमें काम मिल जाता है और मजदूरी भी घंटे के हिसाब से कुछ बढ़ जाती है। अब यहां खाना मिल जाएगा तो हमें बड़ी राहत मिलेगी।
इस मौके पर लोकसभा सांसद श्री अभिषेक सिंह ने स्वयं अपने हाथों से खाना श्रमिकों को परोसा। उन्होंने कहा कि इतना गर्म, पौष्टिक खाना इतने कम मूल्य में उपलब्ध होने से श्रमिक भाइयों के लिए बहुत अच्छा रहेगा। इसके साथ ही वे टिफिन के लिए भी भोजन 5 रूपए में ले सकते हैं। इस योजना के संबंध में जानकारी देते हुए श्रम विभाग की विशेष सचिव श्रीमती आर. शंगीता ने बताया कि इसके लिए जिम्मेदारी अक्षयपात्र फाउंडेशन के सहयोगी संस्थान टचस्टोन फाउंडेशन को दी गई है। अक्षयपात्र फाउंडेशन सेवा भावना के साथ गुणवत्तापूर्ण मध्यान्ह भोजन आंध्रप्रदेश सहित अन्य राज्यों में उपलब्ध कराता है। संस्थान के प्रमुख श्री व्योमकाश ने बताया कि गुणवत्तापूर्वक भोजन के लिए हमारे बेस किचन चलाये जाते हैं। यहां हाईजिन के हर मानदंड का पालन किया जाता है। खाना ऐसे स्टेनलेस स्टील पात्रों में रखा जाता है जिनमें 4 घंटे खाना पूरी तरह गर्म रहता है।
कलेक्टर श्री भीम सिंह ने मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह को राजनांदगांव में योजना के क्रियान्वयन के लिए की गई तैयारियों के संबंध में बताया। उन्होंने बताया कि नगरीय और औद्योगिक क्षेत्रों के श्रमिकों को निकटस्थ स्थलों में यह सुविधा मिल सकेगी। इसके लिए बेस किचन भी राजनांदगांव में तैयार कराया जाएगा।
जिला श्रम अधिकारी श्री अजय देशमुख ने बताया कि सभी रजिस्टर्ड श्रमिकों को यह सुविधा मिल सकेगी। इस अवसर पर 20 सूत्रीय क्रियान्वयन समिति के उपाध्यक्ष श्री खूबचंद बघेल, महापौर श्री मधुसूदन यादव, समाज कल्याण बोर्ड की अध्यक्ष श्रीमती शोभा सोनी, राज्य भण्डार गृह निगम के अध्यक्ष श्री नीलू शर्मा, उर्दू अकादमी के अध्यक्ष श्री अकरम कुरैशी, नागरिक आपूर्ति निगम के पूर्व अध्यक्ष श्री लीलाराम भोजवानी, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के अध्यक्ष श्री सचिन बघेल और राजगामी संपदा न्यास के अध्यक्ष श्री रमेश पटेल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रबुद्ध नागरिक, बड़ी संख्या में श्रमिक और वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *