हिमाचल प्रदेश और गुजरात में पार्टी की जीत के बाद पहली बार भाजपा सांसदों से मुखातिब हुए प्रधानमंत्री कई बार हुए भावुक

0

JOGI EXPRESS

 

नई दिल्ली :गुजरात में अपने दम पर भाजपा को जीत दिलाने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्य में भाजपा की यात्रा को याद करते हुए भावुक हो गए। संसद भवन में भाजपा संसदीय दल को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले तीन वर्षो में भाजपा ने जितने चुनाव जीते हैं, भारत में इतने कम समय में किसी दल ने नहीं जीते हैं। इस मामले में भाजपा का रिकार्ड इंदिरा गांधी के कार्यकाल में कांग्रेस के रिकार्ड से भी बेहतर है। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी के जमाने में 18 राज्यों में कांग्रेस की सरकारें थीं। इस समय भाजपा सहयोगी दलों के साथ 19 राज्यों में सत्ता पर काबिज है। वहीं भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि गुजरात में प्रधानमंत्री ने एक कार्यकर्ता की तरह काम किया है।

हिमाचल प्रदेश और गुजरात में पार्टी की जीत के बाद पहली बार भाजपा सांसदों से मुखातिब हुए प्रधानमंत्री कई बार भावुक हो गए। उन्होंने 1999 में भाजपा को पहली बार गुजरात से लोकसभा में 20 सीटें मिलने का हवाला देते हुए पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को याद किया। तब वाजपेयी ने उन्हें खुशी से थाम लिया था। इसके बाद वे भाजपा और संघ के पुराने साथियों को याद करते हुए भावुक हुए, जिन्होंने राज्य में पार्टी की नींव मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई थी।

प्रधानमंत्री ने भाजपा सांसदों को जनता से सीधा संपर्क बनाने और पार्टी को मजबूत करने के लिए कमर कसने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक पंडितों के लिए पिछले साढ़े तीन साल के दौरान विभिन्न चुनावों में भाजपा की जीत नए विश्लेषण का विषय हो सकता है।

प्रधानमंत्री का कहना था कि पार्टी को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए कठिन परिश्रम की जरूरत है। कोई भी चुनाव अंतिम नहीं होता है। गौरतलब है कि 2019 में लोकसभा चुनाव के तक 11 राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं और इनमें हर एक राज्य पार्टी के लिए अहम है। भाजपा को इन सभी राज्यों में जीत हासिल करने के लिए चुनाव में उतरना होगा। इसके लिए सभी नेताओं को अभी से जुट जाना होगा। गुजरात चुनाव खत्म होने के एक दिन बाद ही प्रधानमंत्री ने केरल और तमिलनाडु का दौरा किया था और वहां ओखी तूफान से प्रभावित परिवारों से मिले थे।

वहीं भाजपा की चुनावी जीत के मुख्य सूत्रधार रहे पार्टी अध्यक्ष ने गुजरात में प्रधानमंत्री के चुनाव प्रचार की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने चुनाव के दौरान पार्टी के कार्यकर्ता की तरह काम किया। पार्टी ने उनके लिए जो भी जिम्मेदारी तय की, उन्होंने पूरी शिद्दत से उसे पूरा किया।

साभारः जागरण .कॉम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed