निर्माणाधीन सभी रेल्वे ओव्हर-अण्डर ब्रिजों का निर्माण जल्द पूर्ण किया जाए: राजेश मूणत

0

JOGI EXPRESS


समीक्षा बैठक में लोक निर्माण मंत्री ने दिए निर्देश,रायपुर में 456 करोड़ के 12 रेल्वे ओव्हर-अण्डर ब्रिज तथा फ्लाई ओव्हर निर्माणाधीन

काशीराम नगर फ्लाई ओव्हर जनवरी और कमल विहार फ्लाई ओव्हर बनेगा मार्च तक

रायपुर,लोक निर्माण मंत्री श्री राजेश मूणत ने आज शाम यहां अपने निवास कार्यालय में लोक निर्माण विभाग की सेतु इकाई के अंतर्गत राजधानी रायपुर में चल रहे रेल्वे ओव्हर ब्रिजों और अंडर ब्रिजों के निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने रायपुर संभाग के अंतर्गत बन रहे रेल्वे ओव्हरब्रिज-अण्डरब्रिजों सहित विभिन्न फ्लाई ओव्हरों और पुल-पुलियों की प्रगति की भी समीक्षा की। श्री मूणत ने अधिकारियों को सभी निर्माण कार्य पूरी गुणवत्ता के साथ जल्द से जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारी भी निर्माणाधीन कार्यों की हर 15 दिनों में नियमित रूप से समीक्षा करें, साथ ही मौके पर जाकर कार्यों की प्रगति का भी जायजा लें। बैठक में बताया गया कि वर्तमान में रायपुर शहर के अंतर्गत 456 करोड़ रूपए के 12 रेल्वे ओव्हर ब्रिज-अण्डर ब्रिज, स्काई वॉक, अण्डर पास तथा फ्लाई ओव्हर का निर्माण किया जा रहा है। लोक निर्माण मंत्री श्री मूणत ने इन कार्यो में से आमानाका रेल्वे ओव्हर ब्रिज, रायपुर शहर में स्काई वॉक, शंकर नगर रेल्वे ओव्हर ब्रिज, गोदंवारा रेल्वे ओव्हर ब्रिज-अण्डर ब्रिज तथा कमल विहार फ्लाई ओव्हर की धीमी प्रगति पर नाराजगरी व्यक्त की और संबंधित अधिकारियों तथा ठेकेदारों को गति लाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। इन कार्यों में से कांशीराम नगर फ्लाई ओव्हर के निर्माण को 25 जनवरी तक, आमानाका रेल्वे ओव्हर ब्रिज के चौड़ीकरण कार्य को अपै्रल तक और रायपुर शहर में स्काई वाक के निर्माण कार्य को 6 अपै्रल 2018 तक हर हालत में पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसी तरह उन्होंने शंकर नगर रेल्वे ओव्हर ब्रिज को 28 फरवरी और कमल विहार फ्लाई ओव्हर के निर्माण कार्य को आगामी मार्च माह तक हर हालत में पूर्ण करने के लिए निर्देशित किया।
अधिकारियों ने बैठक में बताया कि रायपुर शहर के अंतर्गत वर्तमान में 12 रेलवे ओव्हर ब्रिज-अण्डर ब्रिज तथा फ्लाईओव्हर का निर्माण किया जा रहा है। इनके निर्माण में लगभग 456 करोड़ रूपए की लागत आएगी। इनमें से 46 करोड़ 33 लाख रूपए से कांशीराम नगर फ्लाईओव्हर, 37 करोड़ 43 लाख रूपए से आमानाका रेलवे ओव्हरब्रिज और 49 करोड़ 09 लाख रूपए से रायपुर शहर में स्काईवाक का निर्माण किया जा रहा है। इसी तरह 61 करोड़ 30 लाख रूपए से शंकरनगर रेलवे ओव्हर ब्रिज, 20 करोड़ 85 लाख रूपए से गोंदवारा अण्डरब्रिज, 35 करोड़ 40 लाख रूपए से गोगांव अण्डरब्रिज और 70 करोड़ रूपए से गोंदवारा रेलवे ओव्हरब्रिज का निर्माण प्रगति पर है। इसके अलावा 35 करोड़ 38 लाख रूपए से कमल विहार फ्लाईओव्हर, 28 करोड़ 11 लाख रूपए से विशाखापट्नम रेललाईन में डीआरएम ऑफिस के पास रेलवे अण्डरब्रिज, 24 करोड़ 90 लाख रूपए से राजेन्द्रनगर अण्डर पास, 23 करोड़ 89 लाख रूपए से भाटागांव फ्लाईओव्हर और 22 करोड़ 94 लाख रूपए से कुशालपुर चौक में ओव्हरपास का निर्माण कार्य जारी है। इसके अलावा रायपुर शहर के अग्रसेन चौक से तेलघानी नाका चौक के निकट रेलवे अण्डरब्रिज निर्माण के लिए 29 करोड़ 74 लाख रूपए की राशि स्वीकृत है। इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग के सचिव श्री सुबोध कुमार सिंह और विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *