December 13, 2025

बिहान से जुड़ी महिलाएं बनी मास्क दीदी : मास्क की कमी को पूरा करने बना रही है रियायती व रियुसेबल कॉटन मास्क

0
बिहान से जुड़ी महिलाएं बनी मास्क दीदी : मास्क की कमी को पूरा करने बना रही है रियायती व रियुसेबल कॉटन मास्क

रायगढ़, कोरोना वायरस के चलते बने हालातों और बाजार में मास्क की मांग के अनुरूप पूर्ति में कमी को देखते हुए रायगढ़ जिले में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री ऋचा प्रकाश चौधरी के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान अंतर्गत गठित स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा मास्क का निर्माण किया जा रहा है। सिलाई कार्य से जुड़ी स्व-सहायता समूह कि महिलाएं रियुसेबल कॉटन मास्क बना रही हैं। जिला स्तर पर वृहत पैमाने पर निर्माण कर आपूर्ति हेतु एक माकूल सप्लाई चैन व्यवस्था बनायी गयी है। जिसके तहत जिले के समस्त जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। वे इन समूहों तक मांग को पहुंचाने तथा निर्मित मास्क के आपूर्ति में प्रभावी भूमिका निभा रहे हैं। जिला स्तर पर भी विभिन्न विभागों जैसे पुलिस, वन, महिला बाल विकास, ट्रेजरी द्वारा अपने कर्मचारियों के लिए इन समूहों के माध्यम से मास्क खरीदा जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि तमनार विकासखण्ड की महिलाएं जिंदल उद्योग से कच्चा माल लेकर मास्क का निर्माण व सप्लाई कर रही हैं। इसी प्रकार पुसौर विकासखण्ड में मेडिकल संचालकों से अनुबंध कर लोगों को रियायती दरों पर मास्क की आपूर्ति की जा रही है। विकास खण्ड घरघोड़ा में महत्वपूर्ण पहल किया गया है जहां सभी अति आवश्यक सेवा में संलग्न विभागों के कर्मचारियों के लिए मास्क की आपूर्ति की जा रही है। ग्रामीण इलाकों में भी सरपंचों पंचों से भी इस संबंध में बात की गई है। इसके साथ ही ग्राम वासियों को इन परिस्थितियों में मास्क के महत्व तथा उपयोग करने के तरीके को लेकर जागरूक किया जा रहा है । गौरतलब है कि जिले के 51 महिला स्व-सहायता समूह द्वारा 6798 मास्क का निर्माण किया जा चुका है तथा और भी मास्क लगातार बनाये जा रहे है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *