February 3, 2026

दिल्ली हिंसा पर आरोपों में घिरे आप पार्षद ताहिर हुसैन बोले- अंकित को न्याय मिलना चाहिए

0
tahir_hussain_1582800122.jpg

 नई दिल्ली 
नागरिकता संशोधन कानून के बाद दिल्ली में भड़की हिंसा और इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) के कर्मचारी अंकित शर्मा की हत्या का आरोप नेहरू विहार से आम आदमी पार्टी (आप) के निगम पार्षद ताहिर हुसैन और उनके समर्थकों पर लग रहा है। ऐसे में अब ताहिर का एक और बयान आया है। उन्होंने कहा है कि आईबी अधिकारी अंकित शर्मा की मौत को लेकर मुझे दुख है। उन्हें न्याय मिलना चाहिए। मैं इस मामले में संलिप्त नहीं हूं। मामले में गहरी जांच होनी चाहिए। गौरतलब है कि आईबी के कर्मचारी अंकित शर्मा (26) के परिवार ने हत्या का आरोप हुसैन पर लगाया है। शर्मा मंगलवार को लापता हो गए थे। बुधवार को उनका शव उत्तर-पूर्वी दिल्ली के दंगा प्रभावित चांद बाग इलाके में उनके घर के पास एक नाले से मिला था।

शर्मा के परिजनों ने दावा किया कि उनकी हत्या के पीछे स्थानीय पार्षद और उसके साथियों का हाथ है। हुसैन ने आरोपों से इनकार किया है। उन्होंने कहा, ''मुझे खबरों से पता चला कि एक व्यक्ति की हत्या का इल्जाम मुझ पर लगाया जा रहा है। ये झूठे और निराधार आरोप हैं। सुरक्षा की दृष्टि से मेरा परिवार और मैं पुलिस की मौजूदगी में सोमवार को ही अपने घर से चले गए थे।

 
हुसैन ने कहा कि घटना की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा, ''मुझे निशाना बनाना गलत है। इससे मेरा और मेरे परिवार का कुछ लेना-देना नहीं है। हुसैन ने ये टिप्पणियां एक वीडियो में कीं जिसे आप के सोशल मीडिया प्रमुख अंकित लाल ने साझा किया। आप के नेता संजय सिंह ने कहा कि पार्टी का रुख स्पष्ट है कि हिंसा फैलाने में लिप्त हर किसी को सख्त से सख्त दंड दिया जाए। उन्होंने कहा कि इस मामले पर हुसैन ने अपना बयान दिया है।
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed