February 3, 2026

विष्णु दत्त शर्मा MP BJP के नए अध्यक्ष नियुक्त

0
15_02_2020-vishnu_dutt_sharma_mp_bjp_2020215_125423.jpg

दिल्ली
मध्य प्रदेश बीजेपी में बड़े बदलाव की खबर है. बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बीजेपी के वरिष्ठ नेता विष्णु दत्त शर्मा को मध्य प्रदेश बीजेपी का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है. शर्मा राकेश सिंह का स्थान लेंगे, जिनके नेतृत्व में पिछला विधानसभा चुनाव लड़ा गया था. विष्णु दत्त शर्मा खजुराहो से बीजेपी के सांसद हैं.

वीडी शर्मा की प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पद पर की गई नियुक्ति ने सारे राजनीतिक समीकरणों को धता बता दिया। बुंदेलखंड से ब्राह्मण वर्ग का नेता प्रतिपक्ष होने के बावजूद वीडी शर्मा की नियुक्ति कई मायने में चौंकाने वाली रही है। संगठन ने वीडी की नियुक्ति के साथ एक तीर से कई निशाने साधे हैं।

संघ के करीबी एवं सांसद विष्णु दत्त्त शर्मा को राकेश सिंह की जगह पर प्रदेश भाजपा का नया अध्यक्ष बनाया गया है। उन्हें प्रदेश भाजपा की बागडोर सौंपी जाने का फैसला करीब सात दिन पहले ही दिल्ली में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने कर लिया था। शर्मा करीब 34 साल से संघ से जुड़े हुए हैं। इसके बाद आज उनके नाम की घोषणा की गई। भाजपा में दिसंबर से ही नए प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने को लेकर सुगबुगाहट चल रही थी।  अब नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष के सामने विधानसभा के दो उप चुनाव और नगरीय निकाय चुनाव की सबसे बड़ी चुनौती होगी।

इधर, दिल्ली में मुख्यमंत्री कमलनाथ के 14 माह के कार्यकाल के बाद कांग्रेस के दिग्गज नेताओं की समन्वय समिति की बैठक में पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया उखड़े-उखड़े नजर आए और बैठक समाप्त होने से पहले ही दिल्ली के कमलनाथ के निवास से चले गए। बैठक में कांग्रेस महासचिव, प्रभारी दीपक बावरिया, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, पूर्व सांसद अरुण यादव, मंत्री जीतू पटवारी सहित समन्वय समिति के सभी लोग मौजूद थे। बैठक के दौरान कांग्रेस के वचन पत्र को लेकर समीक्षा की गई और जल्द ही प्रदेश में निगम मंडल प्राधिकरणों में की जाने वाली नियुक्तियों के मापदंड को लेकर भी चर्चा हुई।

वीडी शर्मा को प्रदेश भाजपा का अध्यक्ष बनाए जाने पर मुख्यमंत्री कमलनाथ ने बधाई देते हुए कहा है कि उम्मीद करता हूं कि विकास, प्रदेशवासियों की भलाई के लिए प्रदेश सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यो में वीडी शर्मा का सहयोग मिलेगा।

प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के हाथों से भले ही सत्ता फिसल गई हो लेकिन पार्टी संगठन के  फैसलों में उनका दबदबा कायम है।  प्रदेश की राजनीति में बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष राकेश सिंह को शिवराज सिंह चौहान का विरोधी माना जाता रहा है। कई मसलों पर देखा गया है कि अधिकांश निर्णयों में दोनों की अलग-अलग राय हो जाया करती थी। चौहान प्रदेश अध्यक्ष पद पर भूपेंद्र सिंह, लालसिंह आर्य की ताजपोशी चाहते थे। लेकिन संगठन ने अंतिम दौर में राकेश सिंह के करीबी वीडी शर्मा के नाम पर शिवराज को सहमत करा लिया।

सूत्रों की मानी जाए तो पार्टी ने पहले से ही वीडी शर्मा को अध्यक्ष बनाए जाने का मन बना लिया था। इसके चलते उनके नाम पर प्रदेश भाजपा के सभी वरिष्ठ नेताओं से सहमति ली गई। यह सहमति करीब सात दिन पहले ही ले ली गई थी। सभी नेताओं ने अपनी सहमति दे दी। इसके बाद आज उन्हें प्रदेश अध्यक्ष बनाने का ऐलान कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed