December 5, 2025

नए साल का जश्न मनाने इंडिया गेट पर जुटी भीड़, बंद करने पड़े 5 मेट्रो स्टेशन

0
13-2.jpg

नई दिल्ली
दिल्ली में प्रोटेस्ट के चलते कुछ मेट्रो स्टेशनों के एंट्री और एग्जिट गेट बंद कर दिए गए हैं। इनमें केंद्रीय सचिवालय, उद्योग भवन, प्रगति मैदान, खान मार्केट और मंडी हाउस मेट्रो स्टेशन शामिल हैं। हालांकि मंडी हाउस और केंद्रीय सचिवालय पर मेट्रो बदली जा सकती है। प्रगति मैदान मेट्रो स्टेशन पर एंट्री रुकने के बाद बाहर भारी भीड़ जमा हो गई। बताया जा रहा है कि इंडिया गेट पर प्रदर्शन तो चल ही रहा था साथ ही नया साल मनाने भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचने लगे। ऐसे में इन मेट्रो स्टेशनों के गेट बंद करने पड़े।

प्रदर्शनकारियों के साथ-साथ नया साल मनाने के लिए इंडिया गेट पर आम लोगों के उमड़ने से भारी भीड़ जमा हो गई। इस वजह से आसपास के इलाकों में वाहनों की रफ्तार भी धीमी हो गई। इंडिया गेट के पास भारी भीड़ देखने को मिल रही है।

कई जगह सड़कों पर जाम
नए साल के मौके पर लोग घर से बाहर निकलकर सेलिब्रेट कर रहे हैं। ऐसे में कई जगह पर जाम की स्थिति पैदा हो गई है। बारापूला फ्लाइओवर पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया है। इसके अलावा मथुरा रोड पर भी जाम की स्थिति है। दिन में बड़ी संख्या में लोग चिड़ियाघर पहुंच रहे थे। इंडिया गेट के आसपास सड़कों पर भी लंबा ट्रैफिक जाम है।

इंडिया गेट पर सीएए के खिलाफ प्रदर्शन चल रहा था। संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) का विरोध करते हुए नव वर्ष के दिन बुधवार को यहां इंडिया गेट पर काफी संख्या में लोगों ने 'संविधान बचाने' का सामूहिक संकल्प लिया। प्रदर्शनकारियों के संकल्प लेने से पहले और बाद में वहां ‘कागज नहीं दिखाएंगे’ एवं ‘तानाशाही नहीं चलेगी’ जैसे नारे लगाए गए।

जामिया के छात्रों ने क्रमिक भूख हड़ताल शुरू की
नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे जामिया के छात्रों ने बुधवार को क्रमिक भूख हड़ताल शुरू कर दी है। छात्रों ने सरकार के समक्ष नागरिकता संशोधन कानून वापस लेने सहित सात मांगें रखी हैं। विश्वविद्यालय परिसर के बाहर विरोध प्रदर्शन स्थल पर मौजूद छात्र-छात्राओं के मुताबिक, वे 'सत्याग्रही' क्रमिक भूख हड़ताल कर रहे हैं। जामिया मिल्लिया इस्लामिया विश्वविद्यालय के छात्रों के विरोध प्रदर्शन का बुधवार 20वां दिन था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *