February 3, 2026

कोहरे ने थमीं ट्रेनें, कई फ्लाइट्स भी लेट, देखिए पूरी लिस्ट

0
73023612.jpg

नई दिल्ली
रेकॉर्डतोड़ सर्दी ने लोगों के होश फाख्ता कर दिए हैं। दिल्ली-एनसीआर समेत पूरा उत्तर भारत घने कोहरे की चपेट में है। दिल्ली हो या फिर उससे सटे नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद, सोमवार सुबह पूरी तरह कोहरे की गहरी चादर में ढक गए। सुबह तकरीबन 7 बजे राजधानी दिल्ली लो विजिबलिटी के कारण गायब ही नजर आई। घने कोहरे का असर ट्रेनों के साथ-साथ फ्लाइट्स पर भी पड़ा है। कोहरे का असर नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भी देखने को मिल रहा है। नॉर्दन रेलवे रीजन में लो विजिबलिटी के कारण 30 ट्रेनें देरी से चल रही हैं। मौसम विभाग के अनुसार, साल के पहले दिन दिल्ली-एनसीआर में बारिश पड़ने की उम्मीद है जो 3 जनवरी तक जारी रह सकती है।

सड़कों पर पसरा कोहरा जानलेवा भी साबित हो रहा है। सोमवार सुबह ग्रेटर नोएडा में एक कार नहर में जा गिरी, जिसमें एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत की खबर है। सभी उत्तर प्रदेश के संभल से दिल्ली आ रहे थे।

दिल्ली में रविवार को न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। भीषण सर्दी को देखते हुए आनंद विहार इंटर स्टेट बस टर्मिनल (आईएसबीटी) के नजदीक बने रैन बसेरे में रात के वक्त लोगों ने शरण ली। वहीं, दिल्ली में तुर्कमान गेट क्षेत्र के पास बेघर लोग गलियों में सोते हुए नजर आए। उत्तर भारत में भीषण ठंड से राहत नहीं मिल रही है। ऐसे में कई जगहों पर स्कूलों को बंद करने का निर्देश दिया गया है।

राजधानी दिल्ली में ठंड के साथ-साथ प्रदूषण की भी मार है। आनंद विहार में AQI 462 दर्ज किया गया है जो बेहद खराब दर्जे का माना जाता है। इसके अलावा ओखला फेज-2 में AQI 494 दर्ज किया गया है।

जबरदस्त कोहरे के कारण दिल्ली आने वाली कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं। उत्तर रेलवे की दिल्ली आने वाली कम से कम 30 ट्रेनें घने कोहरे के कारण देरी से चल रही हैं। इसके अलावा दिल्ली एयरपोर्ट पर कोहरे के कारण नॉर्मल ऑपरेशंस रोक दिए गए हैं। तीन फ्लाइट्स के रूट डायवर्ट किए गए हैं।

मौसम विभाग के अधिकारी का कहना है कि यहां सोमवार से हवा की दिशा बदलने का अनुमान है, इसलिए दिल्ली को शीतलहर से थोड़ी और राहत मिल सकती है। विभाग ने कहा है कि पश्चिमी हिमालय क्षेत्र से चल रही पश्चिमी हवाओं की गति में कमी आने और पूर्वी हवाओं का रुख उत्तरी क्षेत्रों में होने के कारण इन इलाकों में दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान में बताया गया है कि नए साल की पूर्व संध्या पर दिल्ली, उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश समेत उत्तर भारत के कई इलाकों में हल्की बारिश के साथ ओले भी पड़ सकते हैं।

दिल्ली में 14 दिसंबर से सीवियर कोल्ड डे यानी भीषण सर्दी भरे दिन बीते और रविवार सुबह यहां का औसत तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह इस मौसम में सामान्यतया दर्ज किए जाने वाले तापमान से चार डिग्री सेल्सियस कम है। दिल्ली के आयानगर में पारा 2.5 डिग्री तो लोधी रोड में 2.8 डिग्री, पालम में 3.2 डिग्री जबकि सफदरजंग में 3.6 डिग्री सेल्सियस रेकॉर्ड हुआ।

मौसम विभाग के अनुसार इस साल दिसंबर में रविवार तक का औसत तापमान 19.07 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और यह 1901 के बाद दूसरा सबसे ठंडा दिसंबर हो सकता है। इससे पहले दिसंबर 1997 में औसत तापमान 17.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। आर्द्रता का स्तर 64 से 100 प्रतिशत के बीच रहा। मौसम विज्ञानियों ने सोमवार सुबह घने कोहरे का पूर्वानुमान व्यक्त किया है।

मौसम विभाग के मुताबिक, हिमाचल प्रदेश में भी नए साल की पूर्व संध्या पर बर्फबारी हो सकती है। मनाली, सोलन, सुंदरनगर और कालपा में तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। राजस्थान के कई हिस्सों में कड़ाके की सर्दी और शीतलहर के कारण आम जनजीवन प्रभावित हो गया है। राज्य के एकमात्र पर्वतीय पर्यटक स्थल माउंट आबू में रविवार को इस मौसम का सबसे कम तापमान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed