February 3, 2026

मिलावटखोरों के खिलाफ “शुद्ध के लिये युद्ध अभियान जारी रखने के निर्देश

0
20-45.jpg

भोपाल

लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री तुलसीराम सिलावट ने खाद्य एवं औषधि प्रशासन के अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि प्रदेश में 'शुद्ध के लिये युद्ध'' अभियान में मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रखें। उन्होंने कहा कि अभियान को जन-आंदोलन का रूप दें। सिलावट आज भोपाल में विभागीय योजनाओं की समीक्षा कर रहे थे। बैठक में आयुक्त, खाद्य सुरक्षा राजीव दुबे उपस्थित थे।

मंत्री सिलावट ने कहा कि स्वस्थ प्रदेश की परिकल्पना को साकार करने के लिये विगत 19 जुलाई से 'शुद्ध के लिये युद्ध'' अभियान शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि अभियान के जरिए जन-सामान्य को जागरूक करने के लिये सोशल मीडिया के साथ अन्य प्रचार माध्यमों का उपयोग भी किया जाए। सिलावट ने कहा कि युवा पीढ़ी को इस मामले में जागरूक बनाने के लिये कॉलेजों और स्कूलों में विद्यार्थियों की प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाएं।

लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री ने संभाग स्तर पर उड़नदस्तों के गठन और अंतर्राज्यीय सीमा चौकियों पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला स्तर पर व्यापारियों की बैठक बुलाकर मिलावटखोरों के खिलाफ एकजुट होने की समझाइश दिए जाने के लिये भी कहा। उन्होंने कहा कि न्यायालयों में प्रस्तुत प्रकरणों में मजबूती से राज्य शासन का पक्ष रखा जाए।

बैठक मे बताया गया कि अब तक मिलावटखोरों के खिलाफ कार्यवाही में करीब 4 करोड़ रुपये अर्थदण्ड वसूला गया है। प्रदेश में अब तक दूध उत्पादों, खाद्य पदार्थों और पान-मसाला सहित 9,707 नमूने जाँच के लिये एकत्रित किये गए हैं। बत्तीस खाद्य कारोबारियों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) में कार्रवाई की गई है। मिलावट के 94 प्रकरणों में एफआईआर दर्ज की जा चुकी है। अभियान में लिये गए 3323 नमूनों की जाँच रिपोर्ट आ गई है। इनमें 2040 मानक, 876 अवमानक, 282 मिथ्या छाप, 44 अपद्रव्य, 43 असुरक्षित और 34 प्रतिबंधित श्रेणी के नमूने पाए गए हैं।

स्वाईन फ्लू एवं डेंगू बीमारियों पर चर्चा

मंत्री तुलसीराम सिलावट 28 नवम्बर को दोपहर 1.30 बजे मंत्रालय में लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अधिकारियों की बैठक लेंगे। इस बैठक में स्वाईन फ्लू एवं डेंगू जैसी गंभीर मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिये किये जा रहे प्रयासों पर चर्चा होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed