February 3, 2026

कलेक्टर ने ली समय-सीमा की बैठक लोक सेवाओं की सुलभता सुनिश्चित करने के निर्देश

0
dantewada collector

निर्माण कार्यों को द्रुत गति से संचालित करने पर बल

अधिकाधिक किसानों को रबी फसल लेने प्रोत्साहित करें-कलेक्टर श्री वर्मा

दंतेवाड़ा, 25 नवंबर 2019। जिले में विभिन्न मदों के तहत स्वीकृत निर्माण कार्यों को नियमित रूप से द्रुत गति से संचालित किया जाये। इस दिशा में निर्माण एजेंसीज द्वारा निर्माण कार्यों का निरंतर मॉनिटरिंग कर गुणवत्ता तथा तकनीकी मापदंडों का परिपालन सुनिश्चित किया जाये और नियत समयावधि में निर्माण कार्यों को पूर्ण कराया जाये। जिले में विभिन्न विभागों द्वारा लोक सेवाओं की सुलभता निर्धारित समय पर सुनिश्चित किया जाये। इस हेतु सम्बन्धित विभाग प्रमुख द्वारा लोक सेवाओं की सुलभता का नियमित रूप से मॉनिटरिंग किया जाये। जिले में रबी फसल को बढ़ावा देने के लिये अधिकाधिक किसानों को रबी पैदावार लेने हेतु प्रोत्साहित कर बीज और अन्य कृषि आदान सामग्री की सुलभता सुनिश्चित किया जाये। उक्त निर्देश कलेक्टर श्री टोपेश्वर वर्मा ने कलेक्टोरेट के डंकिनी सभागार में आयोजित समय-सीमा की बैठक के दौरान अधिकारियों को दिया। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री सच्चिदानंद आलोक सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी और जिले में पदस्थ एसडीएम, तहसीलदार, सीईओ जनपद पंचायत तथा नगरीय निकायों के सीएमओ मौजूद थे।

कलेक्टर श्री टोपेश्वर वर्मा ने बैठक के दौरान राज्य शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं के कार्यान्वयन की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि नरवा-गरवा, घुरवा एवं बारी योजना सहित सार्वभौम सार्वजनिक वितरण प्रणाली, मुख्यमंत्री सुपोषण अभियान, मुख्यमंत्री हाट-बाजार क्लीनिक योजना इत्यादि का कारगर क्रियान्वयन किया जाये। उक्त योजनाओं के कार्यान्वयन हेतु शासन के दिशा-निर्देशों का गम्भीरता के साथ परिपालन किया जाये। कलेक्टर श्री वर्मा ने शासन द्वारा अधिसूचित लोक सेवाओं की सुलभता के लिए पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करने पर बल देते हुए अधिकारियों को नियमित रूप से मॉनिटरिंग करने कहा। वहीं लोक सेवा गारण्टी अधिनियम की जानकारी नियमित तौर पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। कलेक्टर श्री वर्मा ने जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी हेतु सभी व्यवस्थाओं की जानकारी ली और अधिकारियों को निर्देशित किया कि राज्य शासन के निर्देशानुसार खरीदी केन्द्रों में 1 दिसम्बर से धान खरीदी शुरू किया जाये। जिले के पंजीकृत वास्तविक किसानों से ही धान की खरीदी किया जाये। खरीदी केन्द्रों के नोडल अधिकारियों द्वारा धान खरीदी का नियमित रूप से पर्यवेक्षण किया जाये। वहीं अवैध धान की आवक को रोकने के लिये गठित उड़नदस्ता दलों सहित राजस्व, खाद्य, सहकारिता और मंडी बोर्ड के अधिकारियों द्वारा आवश्यक कार्यवाही किया जाये। इस दिशा में बिचौलियों और कोचियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाये। इसके साथ ही धान खरीदी में अनियमितता बरतने वाले खरीदी केंद्र प्रभारी और अन्य कर्मचारियों के विरुद्ध भी अनुशासनात्मक कार्यवाही किया जाये। कलेक्टर श्री वर्मा ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली के राशन और अन्य। जरूरी सामग्रियों की गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई करने की चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसे मामलों पर प्राथमिकी दर्ज करवाने के साथ ही सम्बधितों के विरुद्ध कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने इस हेतु राजस्व और खाद्य विभाग के अधिकारियों को सतत निगरानी रखने का निर्देश दिया। कलेक्टर श्री वर्मा ने जिले में रबी फसल को बढ़ावा देने के लिये सिंचाई साधनों की उपलब्धता के अनुरूप अधिकाधिक किसानों को रबी पैदावार लेने हेतु प्रेरित करने कहा। वहीं इस हेतु किसानों को बीज एवं अन्य कृषि आदान सामग्री सुलभ कराये जाने का निर्देश अधिकारियों को दिया। उन्होंने बैठक में निर्माण कार्यों की विस्तृत जानकारी ली और निर्माण एजेंसीज के अधिकारियों को निर्देशित किया कि खेती-किसानी का कार्य समाप्ति पर है, इस हेतु अब निर्माण कार्यों के लिये पर्याप्त मानव संसाधन उपलब्ध हैं। इसे ध्यान रखकर निर्माण कार्यों को योजनाबद्ध ढंग से संचालित किया जाये और नियत समय पर पूर्ण किया जाये। कलेक्टर श्री वर्मा ने मनरेगा के तहत रोजगारपरक कार्यों को भी तेजी के साथ संचालित करने का निर्देश अधिकारियों को दिया। बैठक के दौरान शहरी आबादी पट्टे वितरण, डीएमएफ और सीएसआर मद के नवीन कार्यों का तकनीकी प्राक्कलन, मनरेगा के नवीन रोजगारमूलक कार्यों के प्रस्ताव इत्यादि की विस्तृत समीक्षा की गयी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed