11 दिसम्बर को कांग्रेस मुंह की खाएगी : भाजपा महिला मोर्चा

0
bjp cg

आत्म सम्मान व सशक्तिकरण से अभिभूत नारी शक्ति का भाजपा पर अटूट विश्वास

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष पूजा विधानी, महामंत्री द्वय मीनल चौबे व शालिनी राजपूत और मीडिया प्रभारी विभा अवस्थी ने एक्जिट पोल के आंकड़ों को महज अनुमानित बताते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा है।
मोर्चा पदाधिकारियों ने कहा कि एक-दो एक्जि़ट पोल्स के परिणाम जऱा पक्ष में देखकर इन अनुमानों पर सवार कांग्रेस नेता बड़बोले हो चले हैं और इस सच से मुंह मोड़ रहे हैं कि अंतिम और प्रामाणिक निर्णय तो 11 दिसम्बर को आना है, जिसमें कांग्रेस को मुंह की खानी पड़ेगी। कांग्रेस नेताओं के सीडी कांड, स्टिंग ऑपरेशन जैसे आरोपों से जूझने की याद दिलाते हुए भाजपा महिला नेत्रियों ने कहा कि ऐसा करके कांग्रेस ने प्रदेश की नारी अस्मिता और स्वस्थ लोकतांत्रिक परिवेश के साथ खिलवाड़ करने की घिनौनी हरकत की। प्रदेश की भाजपा सरकार ने नारी-शक्ति के आत्म सम्मान का संरक्षण और संवर्धन करके गौरवशाली मिसाल पेश की। उज्ज्वला गैस कनेक्शन योजना और संचार क्रांति योजना (स्काय) समेत अनेक योजनाओं पर काम करके प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के नेतृत्व में भाजपा की प्रदेश सरकार ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में सार्थक और सुपरिणामकारी पहल की। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मितानिनों व महिला शिक्षा कर्मियों के कल्याण व उत्थान के कार्य किए। महिला सशक्तिकरण की दृष्टि से राशन कार्ड परिवार की महिला मुखिया की पहचान के साथ बनाए गए।
भाजपा महिला नेत्रियों ने कहा कि आत्म सम्मान और सशक्तिकरण से अभिभूत प्रदेश की नारी शक्ति ने मुख्यमंत्री डॉ. सिंह के प्रति एक मां, एक बहिन के रूप में अगाध विश्वास व्यक्त किया है, जो 11 दिसम्बर को मतगणना के साथ प्रामाणिक तौर पर पूरा प्रदेश अनुभव करेगा। प्रदेश की माताओं-बहिनों के आशीषों व स्नेह का संबल लेकर भाजपा चौथी बार फिर सरकार बनाने जा रही है, इसमें कोई संदेह नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *