October 28, 2024

अंतर्कलह व बदहवासी में कांग्रेस ने जारी की सूची – भाजपा

0

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस प्रत्याशियों की गुरुवार को घोषित पांचवीं सूची पर कटाक्ष कर कहा है कि कांग्रेस की यह सूची उसकी हताशा और अंतर्कलह को रेखांकित कर रही है। भाजाप के सभी प्रत्याशी जब गुरुवार को नामांकन दाखिल कर चुके थे, तब सूची जारी कर कांग्रेस ने महज रस्म अदायगी की है।
भाजपा प्रवक्ता व विधायक शिवरतन शर्मा ने गुरुवार को जारी अपने वक्तव्य में कहा कि कांग्रेस की यह सूची साफ इशारा कर रही है कि कांग्रेस ऊहापोह से ग्रस्त है। इस सूची ने कांग्रेस के उस दावे को भी खोखला साबित कर दिया, जिसमें वह महिलाओं के उत्थान और सशक्तिकरण की डींगें हांकती फिर रही थी। कांग्रेस ने एक महिला विधायक की टिकट काट दी तो एक महिला प्रत्याशी को ऐन वक्त पर बदल दिया। श्री शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री का चेहरा तक तय नहीं कर पाने वाली कांग्रेस में अंतर्कलह और बदहवासी का आलम यह हो गया है कि गुरुवार को अपने प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल उलझ पड़े और उन्होंने टिकट के मसले पर इस्तीफे की धमकी तक दे दी।
श्री शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के सभी प्रत्याशी प्रदेश नेतृत्व की बदहवासी और अनिर्णय की वजह से हताशा अनुभव कर रहे हैं और यह स्थिति भाजपा को वाकओवर मिलने जैसी है। कांग्रेस की इन तमाम राजनीतिक व रणनीतिक कमजोरियों का लाभ भाजपा को मिलेगा और भाजपा कार्यकर्ता पूरे मनोयोग से पार्टी की जीत का मार्ग प्रशस्त कर मिशन 65 प्लस का लक्ष्य साधने व चौथी बार सरकार बनाने के लिए संकल्पित हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *