October 25, 2024

रायपुर शहर में 313 करोड़ से फोर लेन एक्सप्रेस-वे का निर्माण प्रगति पर

0

एक्सप्रेस-वे में नौ फ्लाई ओव्हर-अंडर पास तथा ऐलिवेटेड कारिडोरों का हो रहा निर्माण


रायपुर, रायपुर शहर में स्थित फाफाडीह-तेलीबांधा-नया रायपुर स्थित छोटी रेल लाईन की भूमि पर फोर लेन एक्सप्रेस-वे का निर्माण प्रगति पर है। इसका निर्माण छत्तीसगढ़ सड़क विकास प्राधिकरण द्वारा 313 करोड़ रूपए की स्वीकृत राशि से किया जा रहा है। लोक निर्माण मंत्री श्री राजेश मूणत ने बताया कि इसके निर्माण में अब तक लगभग 275 करोड़ रूपए की राशि व्यय हो चुकी है।
लगभग 12 किलोमीटर लम्बाई वाले इस मार्ग के अंतर्गत चार फ्लाई ओव्हरों का निर्माण भी तीव्र गति से जारी है। इनका निर्माण फाफाडीह, देवेन्द्र नगर, पंडरी और शंकर नगर में किया जा रहा है। इसके अलावा निर्माणाधीन फोर लेन एक्सप्रेस-वे के अंतर्गत ही अवंति विहार और तेलीबांधा में ऐलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण किया जा रहा है।
फाफाडीह-तेलीबांधा-नया रायपुर एक्सप्रेस-वे में 12 किलोमीटर लम्बाई के फोरलेन सड़क और सात किलोमीटर सर्विस रोड का निर्माण प्रगति पर है। इसमें आठ नग लघु पुल का निर्माण और 12 नग पुलिया का निर्माण भी किया जा रहा है। इसके अलावा तीन नग अंडर पास का निर्माण किया जा रहा है। तीनों अंडर पास का निर्माण फोर लेन एक्सप्रेस-वे के अंतर्गत पंडरी, अमलीडीह और गुढ़ियारी में किया जा रहा है। इसके निर्माण कार्य को चालू माह के अंत तक पूर्ण कर लिए जाने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *