October 23, 2024

स्वर्गीय डॉ. रामचंद्र सिंहदेव को राजकीय सम्मान के साथ हजारों लोगों ने दी अंतिम बिदाई

0


राज्य सरकार की ओर से गृहमंत्री  पैकरा और
श्रम मंत्री  राजवाड़े ने पुष्प चक्र अर्पित कर विनम्र श्रद्धांजलि दी

रायपुर, वरिष्ठ नेता और प्रदेश के पूर्व वित्त मंत्री स्वर्गीय डॉ. रामचन्द्र सिंहदेव को आज उनके गृहनगर बैकुंठपुर (जिला-कोरिया) में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम बिदाई दी गई। उनका अंतिम संस्कार जिला मुख्यालय बैकुंठपुर स्थित उनके पैतृक निवास (कोरिया पैलेस) परिसर में किया गया। अश्रुपूरित माहौल में उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए हजारों की संख्या में लोगों का तांता लगा रहा।
छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से गृह, जेल और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्री रामसेवक पैकरा और श्रम, खेल तथा युवा कल्याण मंत्री श्री भईयालाल राजवाड़े ने स्वर्गीय डॉ. सिंहदेव के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि दी। अनेक वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों, शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों और हजारों की संख्या में स्थानीय नागरिकों, क्षेत्र के किसानों, श्रमिकों, पंच-सरपंचों और समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने दिवंगत नेता के अंतिम संस्कार में शामिल होकर उन्हें श्रद्धा-सुमन अर्पित किए और विनम्र श्रद्धांजलि दी। स्वर्गीय डॉ. सिंहदेव को उनकी भतीजी श्रीमती अम्बिका सिंहदेव ने मुखाग्नि दी। सभी लोगों ने स्वर्गीय डॉ. सिंहदेव के परिजनों से मिलकर उनके प्रति संवेदना प्रकट की। शोक सभा में लोगों ने स्वर्गीय डॉ. सिंहदेव के व्यक्तित्व और कृतित्व का उल्लेख करते हुए उनकी सादगी, विद्वता और प्रदेश के विकास के लिए उनके द्वारा किए गए कार्यों का उल्लेख किया।
इस मौके पर छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष और अम्बिकापुर के विधायक श्री टी.एस. सिंहदेव, प्रदेश सरकार की संसदीय सचिव और भरतपुर-सोनहत क्षेत्र की विधायक श्रीमती चम्पादेवी पावले, मनेन्द्रगढ़ के विधायक श्री श्यामबिहारी जायसवाल, सूरजपुर के विधायक श्री खेलसाय सिंह, कोरबा के विधायक श्री जयसिंह अग्रवाल, रामपुर क्षेत्र के विधायक श्री श्यामलाल कंवर, लुण्ड्रा क्षेत्र के विधायक श्री चिन्तामणि महाराज, नगरपालिका परिषद बैकुंठपुर के अध्यक्ष श्री अशोक जायसवाल, उपाध्यक्ष श्री सुभाष साहू, अध्यक्ष नगरपालिका परिषद शिवपुर-चरचा श्री अजीत लकड़ा, पूर्व केन्द्रीय मंत्री डॉ. चरणदास महंत, प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह, जिला पंचायत सदस्य श्री देवेन्द्र तिवारी, जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री विजय कुमार एक्का, सरगुजा राजस्व संभाग के कमिश्नर श्री अविनाश चम्पावत, कलेक्टर कोरिया श्री नरेन्द्र कुमार दुग्गा, सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक श्री हिमांशु गुप्ता, पूर्व विधायक सर्वश्री दीपक पटेल और बोधराम कंवर सहित बड़ी संख्या में लोगों ने स्वर्गीय डॉ. सिंहदेव को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए अंतिम बिदाई दी। ज्ञातव्य है कि डॉ. सिंहदेव का कल 20 जुलाई को राजधानी रायपुर के एक प्रायवेट अस्पताल में निधन हो गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *