October 22, 2024

शासकीय अधिकारी, कर्मचारियों की हड़ताल, सत्ताधारी भाजपा का धोखेबाजी वाला चरित्र जिम्मेदार : घनश्याम तिवारी

0

घोषणा पत्र में किये गये वायदों को पूरा करें मुख्यमंत्री रमन सिंह

रायपुर/प्रदेशभर में आज सरकारी कर्मचारियों ने अपनी 9 सूत्रीय मांगो को लेकर हड़ताल कर राज्य सरकार को जगाने का प्रयास किया। हड़ताल के चलते जनता से जुड़े कामकाज पूरी तरह प्रभावित रहे, राजधानी रायपुर तहसील से लेकर डायरेक्ट्रेट तक कामकाज बंद रहा। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता घनश्याम राजू तिवारी ने कहा है कि शासकीय कर्मचारियों का हड़ताल से भाजपा का धोखेबाजी वाला चरित्र जिम्मेदार है। प्रदेश भाजपा और रमन सरकार ने 2013 के घोषणा पत्र में जो वादे किये उसमें से एक भी वायदा शासकीय कर्मचारियों का पूरा नहीं किया गया। घोषणा पत्रों में लिये गये संकल्प के आधार पर प्रदेश के शासकीय कर्मचारियों ने मतदान किया, भरोसा किया, मगर धोखेबाजी वाला चरित्र फिर से देखने को मिला। किसानों के साथ धान पर 300 रू. बोनस प्रत्येक 5 वर्ष, 2100 रू. समर्थन मूल्य, एक-एक दाना धान खरीदी, प्रतिवर्ष युवाओं को रोजगार, मनरेगा में 200 दिनों के कार्य, महिलाओं के सम्मान, वनवासियों-आदिवासियों, पूर्ण शराबबंदी जैसे वायदों से यह सरकार धोखेबाजी कर मुकर चुकी है। भाजपा सरकार किसानों के पसीने के मेहनत को लूटने वाली, युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाली, आदिवासियों के भरोसे को तोड़ने वाली, अनुसूचित जाति का हक छीनने वाली, महिलाओं की लुटती आबरू की बेशर्म मूकदर्शक, छत्तीसगढ़ महतारी के गर्भ में समाहित बहुमूल्य खनिज संपदा की सौदागर, बुजुर्गों के आंखों की रोशनी छीनने वाली, महिलाओं के गर्भाशय निकालने वाली, माटी पुत्र किसानों को मजदूर बनाने वाली साबित हुयी है। भाजपा सरकार के खाते में कुछ है तो वह है सिर्फ धोखेबाजी, भ्रष्टाचार, अराजकता और अत्याचार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *