सहकारिता आंदोलन को जनभागीदारी का महाअभियान बना रही है साय सरकार : केदार कश्यप

सहकारिता मंत्रालय के 5 वर्ष पूर्ण होने पर ‘सहकारी सप्ताह’ का शुभारंभ, रायपुर जिला सहकारी केंद्रीय बैंक में आयोजित हुआ प्रथम दिवस का कार्यक्रम
पं. वामनराव बलिराम लाखे की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दी श्रद्धांजलि, सहकारिता के विस्तार और पारदर्शिता को बताया सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता
रायपुर। सहकारिता मंत्रालय की स्थापना के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित ‘सहकारी सप्ताह’ के प्रथम दिवस पर जिला सहकारी केंद्रीय बैंक, रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के सहकारिता मंत्री केदार कश्यप शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत छत्तीसगढ़ में सहकारिता आंदोलन के जनक श्रद्धेय पं. वामनराव बलिराम लाखे की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं श्रद्धासुमन अर्पित कर की गई।
इस अवसर पर सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि सहकारिता केवल एक व्यवस्था नहीं, बल्कि समाज को साथ लेकर आगे बढ़ने का भारतीय विचार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सहकारिता मंत्रालय की स्थापना ने देश में सहकारिता क्षेत्र को नई दिशा, नई ऊर्जा और नई पहचान दी है। बीते पांच वर्षों में सहकारिता को किसानों, महिलाओं, युवाओं और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम बनाया गया है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार सहकारिता को गांव-गांव तक मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। प्राथमिक कृषि साख समितियों को सशक्त बनाने, किसानों को समय पर ऋण उपलब्ध कराने, सहकारी संस्थाओं में पारदर्शिता बढ़ाने तथा नई तकनीकों को जोड़ने की दिशा में अनेक महत्वपूर्ण पहल की गई हैं। सरकार का उद्देश्य सहकारिता को जनआंदोलन बनाकर प्रदेश के प्रत्येक ग्रामीण परिवार को आर्थिक रूप से सशक्त करना है।
केदार कश्यप ने कहा कि सहकारिता का मूल मंत्र “साथ मिलकर विकास” है। यही भावना आत्मनिर्भर भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का मजबूत आधार बनेगी। उन्होंने सहकारी संस्थाओं के पदाधिकारियों और कर्मचारियों का आह्वान करते हुए कहा कि वे सेवा, पारदर्शिता और जवाबदेही की भावना के साथ कार्य करें, ताकि सहकारिता के प्रति लोगों का विश्वास और अधिक मजबूत हो।
उन्होंने कहा कि सहकारी सप्ताह केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं है, बल्कि यह सहकारिता के सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने, नई पीढ़ी को इससे जोड़ने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति देने का अवसर है। पूरे प्रदेश में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से सहकारिता की उपलब्धियों, योजनाओं और भविष्य की संभावनाओं को समाज के सामने रखा जाएगा।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक मर्यादित के अध्यक्ष केदारनाथ गुप्ता, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक रायपुर के अध्यक्ष निरंजन सिन्हा, उपाध्यक्ष अभिनेष कश्यप सहित गणमान्यजन उपस्थित रहे।