मिशन क्लीन खारून मेरे जीवन की सबसे महत्वाकांक्षी परियोजना: डॉ. रमन सिंह

व्यायाम शाला का भी मुख्यमंत्री ने किया लोकार्पण डाक विभाग ने लक्ष्मण झूला पर जारी किया विशेष आवरण

रायपुर, / मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा है कि खारुन राजधानी रायपुर सहित छत्तीसगढ़ की प्रमुख नदियों में से है। इसके संरक्षण और संवर्धन के लिए मिशन क्लीन खारून के रूप में शुरू की गई परियोजना मेरे जीवन की सबसे महत्वाकांक्षी परियोजना है। इसका भूमिपूजन मेरे लिए गौरवशाली क्षण है। मिशन क्लीन खारून से बहुत जल्द जीवनदायिनी खारून नदी का पानी और भी ज्यादा स्वच्छ होगा और हम खारून के पवित्र जल से भगवान महादेव का अभिषेक करेंगे।
डॉ. सिंह ने आज शाम यहां खारून नदी के किनारे महादेव घाट में लगभग 330 करोड़ रूपए लागत की मिशन क्लीन खारून परियोजना के भूमिपूजन, छत्तीसगढ़ के प्रथम सस्पेंशन ब्रिज ‘लक्ष्मण झूला’, नदी तट सौंदर्यीकरण, उद्यान, बाल क्रीडांगन एवं व्यायाम शाला का लोकार्पण करने के बाद जनता को संबोधित करते हुए इस आशय के विचार प्रकट किए। समारोह की अध्यक्षता कृषि एवं जल संसाधन मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल ने की। लक्ष्मण झूले सहित इन सभी संरचनाओं का निर्माण जल संसाधन विभाग द्वारा किया गया है। लक्ष्मण झूले के निर्माण में छह करोड़ 10 लाख रूपए की लागत आयी है। इस ऐतिहासिक अवसर को यादगार बनाने के लिए भारतीय डाक विभाग ने खारून के नवनिर्मित लक्ष्मण झूले पर विशेष आवरण भी जारी किया, जिसका विमोचन मुख्यमंत्री ने किया।
डॉ. रमन सिंह ने समारोह में कहा कि राजधानी रायपुर तेजी से बदल रहा है। शहर में विगत कुछ वर्षों में देखते ही देखते बायपास मार्ग, ओव्हर ब्रिज, अण्डर ब्रिज सहित कई महत्वपूर्ण निर्माण कार्य हुए हैं। डॉ. सिंह ने कहा – जब कोई व्यक्ति साल-दो साल बाद रायपुर आता है, तो उसे यह शहर काफी बदला हुआ लगता है। मुख्यमंत्री ने कहा – मिशन क्लीन खारून केन्द्र सरकार के अमृत मिशन की परियोजना है। इसके अंतर्गत खारून नदी में मिलने वाले 17 नालों के पानी को शुद्ध करने के लिए तीन सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट लगाए जाएंगे। इनमें से चन्दनडीह में 75 एमएलडी क्षमता का, काठाडीह में 35 एमएलडी और निमोरा में 90 एमएलडी क्षमता के ट्रीटमेंट प्लांट लगाए जाएंगे। इन प्लांटों से प्रतिदिन दो हजार लाख लीटर प्रदूषित जल का शोधन होगा। यह परियोजना अगले डेढ़ वर्ष में पूरी होगी।
डॉ. सिंह ने विश्व स्वास्थ्य संगठन (डल्ब्यू.एच.ओ. )की रिपोर्ट का उल्लेख करते हुए कहा कि इस रिपोर्ट में दुनिया के 15 सबसे प्रदूषित शहरों की सूची जारी की गई है। इसमें से 14 शहर भारत के हैं। इस सूची में छत्तीसगढ़ का एक भी शहर नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि रायपुर शहर का वायु प्रदूषण समाप्त हो रहा है। इसका सबसे बड़ा श्रेय शहर के नागरिकों को है। छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल, आवास एवं पर्यावरण विभाग, उद्योग विभाग और नगरीय विकास विभाग ने भी इसके लिए अच्छा काम किया है। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा औद्योगिक प्रदूषण पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। मुख्यमंत्री ने रायपुर शहर को स्वच्छ और सुन्दर बनाने में नागरिकों से सक्रिय सहयोग का आव्हान करते हुए कहा कि शहर के प्राचीनतम महादेव घाट के पावन स्थल पर मेले के दौरान हजारों-लाखों श्रद्धालु आते हैं। महादेव घाट पर आज शानदार सस्पेंशन ब्रिज और एक किलोमीटर लम्बे उद्यान के लोकार्पण से यहां की सुन्दरता और अधिक बढ़ गई है।
कृषि एवं जल संसाधन मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कहा कि राजधानी रायपुर महानगर का स्वरूप ले रही है। लक्ष्मण झूले के लोकार्पण का आज ऐतिहासिक कार्य हुआ है। उन्होंने बताया कि राजिम में इस लक्ष्मण झूले से तीन गुणा बड़े लक्ष्मण झूले के निर्माण का काम शुरू हो गया है। गंगरेल बांध के किनारे भी सुन्दर उद्यान विकसित किया जाएगा। नगरीय विकास मंत्री श्री अमर अग्रवाल ने कहा कि यह लक्ष्मण झूला रायपुर शहर के विकास की विशिष्ठ पहचान बनेगा। वे प्रदेश की जनता इस झूले को देखने आएगी। उन्होंने कहा कि नदियों को प्रदूषण से मुक्त करना और तालाबों का संरक्षण हमारी प्राथमिकता में शामिल हैं। रायपुर शहर के ऐतिहासिक विवेकानंद सरोवर (बूढातालाब) के जल को शुद्ध करने के लिए साढ़े चार करोड़ रूपए की परियोजना स्वीकृत की गई है। जल संसाधन विभाग के सचिव श्री सोनमणि बोरा स्वागत भाषण दिया। उन्होंने बताया कि यह छत्तीसगढ़ का पहला सस्पेंशन ब्रिज है। यह पुल 152 मीटर लम्बा और साढे़ तीन मीटर चौड़ा है। उन्होंने इसकी तकनीकी विशेषताओं की जानकारी दी। नगरीय प्रशासन और विकास विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव ने मिशन क्लीन खारून के तहत नदी के संरक्षण और संवर्धन के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी।
समारोह में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री पुन्नूलाल मोहले, लोक निर्माण मंत्री श्री राजेश मूणत, संसदीय सचिव श्री तोखन साहू, छत्तीसगढ़ पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष श्री देवजी भाई पटेल, रायपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव, नगर निगम रायपुर के महापौर श्री प्रमोद दुबे, छत्तीसगढ़ भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष श्री मोहन एंटी, नगर निगम रायपुर के सभापति श्री प्रफुल्ल विश्वकर्मा, नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष श्री सूर्यकांत राठौर, अपेक्स बैंक के अध्यक्ष श्री अशोक बजाज, नगर निगम रायपुर के अनेक पार्षद, अनेक वरिष्ठ अधिकारी और प्रबुद्ध नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।