नेशनल लोक अदालत को सफल बनाने प्रशासन,पुलिस एवं बैंक का समन्वय जरूरी – जिला न्यायाधीश हिदायत उल्ला खान

नेशनल लोक अदालत की तैयारी तेज, अधिकतम छूट देकर अधिकाधिक प्रकरणों के निराकरण के निर्देश
देपालपुर – आगामी 14 मार्च 2026 को आयोजित होने वाली इस वर्ष की प्रथम नेशनल लोक अदालत की तैयारियों को लेकर तहसील विधिक सेवा समिति देपालपुर के अध्यक्ष एवं जिला न्यायाधीश हिदायत उल्ला खान ने बुधवार को एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में बैंक एवं नगर परिषद के प्री-लिटिगेशन प्रकरणों सहित अन्य मामलों के अधिकाधिक निराकरण के लिए समन्वित प्रयास करने पर जोर दिया गया।
जिला न्यायाधीश हिदायत उल्ला खान ने कहा कि नेशनल लोक अदालत न्याय को सरल, त्वरित और सुलभ बनाने का सशक्त माध्यम है, जिसके जरिए पक्षकारों को आपसी सहमति से शीघ्र और संतोषजनक समाधान प्राप्त होता है। उन्होंने बैंक प्रबंधन तथा नगर परिषद के अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्री-लिटिगेशन प्रकरणों में नियमानुसार अधिकतम छूट एवं राहत प्रदान करते हुए अधिक से अधिक मामलों का आपसी समझौते के माध्यम से निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि पक्षकारों को लंबे समय से लंबित विवादों से राहत मिल सके।
जिला न्यायाधीश हिदायत उल्ला खान ने कहा कि लोक अदालत के माध्यम से विवादों का समाधान होने से न्यायालयों में लंबित प्रकरणों का बोझ कम होता है, साथ ही पक्षकारों के समय, धन और ऊर्जा की बचत होती है तथा समाज में आपसी सौहार्द और विश्वास का वातावरण सुदृढ़ होता है।
जिला न्यायाधीश श्री खान ने विशेष रूप से सभी बैंकों के प्रबंधकों को निर्देश दिए कि ऋण संबंधी प्रकरणों में नियमानुसार अधिकतम रियायत एवं व्यवहारिक समाधान अपनाते हुए अधिकाधिक मामलों को लोक अदालत में प्रस्तुत किया जाए। वहीं नगर परिषद देपालपुर, बेटमा एवं गौतमपुरा के अधिकारियों को जलकर, संपत्ति कर एवं अन्य देयकों से जुड़े प्रकरणों में पक्षकारों को राहत प्रदान करते हुए समझौते के माध्यम से निराकरण की दिशा में सक्रिय पहल करने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों से भी समन्वय स्थापित करते हुए अधिकाधिक प्रकरणों को नेशनल लोक अदालत में लाने तथा आमजन को लोक अदालत की प्रक्रिया, लाभ और सुविधाओं के प्रति जागरूक करने का आग्रह किया गया, ताकि अधिक से अधिक लोग इस वैकल्पिक विवाद निवारण व्यवस्था का लाभ उठा सकें।
समीक्षा बैठक में एस.डी.ओ.पी. देपालपुर संघ प्रिय सम्राट,नगर निरीक्षक रणजीत सिंह बघेल, उप निरीक्षक भारत लाल यादव, बैंकों के प्रबंधक दीपक पाटीदार, प्रशांत जाटवा, एम.के. झा, हिमांशु जोशी,अनिल राठौर, दुर्गेश गुप्ता सहित समस्त नगर परिषदों के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में जिला न्यायाधीश हिदायत उल्ला खान ने सभी विभागों से समन्वित प्रयास करते हुए 14 मार्च 2026 को आयोजित नेशनल लोक अदालत को सफल बनाने तथा अधिकाधिक प्रकरणों का सौहार्दपूर्ण और त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने का आह्वान किया। जिला न्यायाधीश श्री खान ने कहा कि लोक अदालत के माध्यम से पक्षकारों को त्वरित न्याय, अधिकतम राहत और संतोषजनक समाधान प्रदान करना ही हमारा मुख्य उद्देश्य है।