पूर्व विधायक सुनील श्राफ ने IFWJ जिला अध्यक्ष बनने पर राजनारायण द्विवेदी को दी आत्मीय शुभकामनाएं

अनूपपुर।,पत्रकारिता जगत के लिए गौरवपूर्ण क्षण उस समय सामने आया, जब भारतीय श्रमजीवी पत्रकार महासंघ (IFWJ) की अनूपपुर जिला इकाई के जिलाध्यक्ष पद पर नियुक्ति के पश्चात वरिष्ठ पत्रकार राजनारायण द्विवेदी को समाज के प्रबुद्धजनों एवं पत्रकार साथियों की ओर से बधाइयों का तांता लगा। इसी क्रम में क्षेत्र के पूर्व विधायक सुनील श्राफ ने उनसे आत्मीय मुलाकात कर हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित कीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
पूर्व विधायक सुनील श्राफ ने इस अवसर पर कहा कि राजनारायण द्विवेदी एक निडर, निष्पक्ष एवं निर्भीक पत्रकार हैं, जिन्होंने सदैव सत्य, जनहित और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता केवल समाचार संप्रेषण का माध्यम नहीं, बल्कि समाज का दर्पण है, और श्री द्विवेदी इस दायित्व को पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ निभा रहे हैं। संगठन के लिए उनका समर्पण, परिश्रम और समयदान निश्चित रूप से सकारात्मक परिणाम देगा।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 1950 से स्थापित देश के सबसे पुराने और सशक्त पत्रकार संगठनों में से एक IFWJ भारतीय श्रमजीवी पत्रकार महासंघ की अनूपपुर जिला इकाई का नेतृत्व अब वरिष्ठ पत्रकार राजनारायण द्विवेदी के हाथों में है। वे दूरदर्शन के संवाददाता, विस्तार न्यूज से जुड़े हुए पत्रकार तथा स्थानीय समाचार पत्र सर्वोच्च सत्ता के संपादक के रूप में भी अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उनकी ताजपोशी को पत्रकार हितों की रक्षा, सम्मान और अधिकारों की लड़ाई को नई दिशा देने वाला कदम माना जा रहा है।
इस अवसर पर दैनिक सर्वोच्चता के समूह संपादक रामबाबू चौबे,
जोगी एक्सप्रेस के प्रधान संपादक अतीक खान (बाबा), सहमत न्यूज की संपादक नसरीन अशरफी सहित जिले के अनेक सम्मानित पत्रकार बंधु उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में विश्वास जताया कि श्री द्विवेदी के नेतृत्व में संगठन और अधिक सशक्त होगा तथा शहडोल संभाग सहित पूरे क्षेत्र में पत्रकार एकता की आवाज नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगी।
कार्यक्रम का वातावरण गरिमामय, सौहार्दपूर्ण और प्रेरणादायी रहा, जिसमें पत्रकारिता की मर्यादा, एकजुटता और सामाजिक दायित्वों पर विशेष बल दिया गया।