भव्य खेलोत्सव का रोमांच: अखिल भारतीय गोल्ड कप फुटबॉल टूर्नामेंट 2026 का दूसरा दिन भी जोश और जुनून से सराबोर

नगर पालिका धनपुरी फुटबॉल प्रेमियों क़े बीच रच रहा नया इतिहास
धनपुरी।नगर पालिका परिषद धनपुरी के तत्वावधान में आयोजित अखिल भारतीय गोल्ड कप फुटबॉल टूर्नामेंट–2026 का द्वितीय दिवस खेल प्रेमियों के लिए उत्साह, रोमांच और प्रतिस्पर्धा से भरपूर रहा। सुभाष स्टेडियम क्रमांक–03 में खेले गए मुकाबलों ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया और मैदान तालियों की गूंज से गूंज उठा।
दूसरे दिन के प्रथम मुकाबले में चर्चा कोरिया (छत्तीसगढ़) की सशक्त टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए पुलिस बालाघाट को 4–0 के बड़े अंतर से पराजित किया। तेज़ आक्रमण, बेहतरीन तालमेल और अनुशासित खेल ने चर्चा कोरिया को एकतरफा विजेता बना दिया।
वहीं द्वितीय मुकाबले में दर्शकों को कांटे की टक्कर देखने को मिली, जहां एमईजी बैंगलोर ने संघर्षपूर्ण खेल में आर.के. नारायणपुर आश्रम (छत्तीसगढ़) को 1–0 से पराजित कर जीत का परचम लहराया।
गरिमामय उपस्थिति में हुआ आयोजन
टूर्नामेंट के दूसरे दिवस के मुख्य अतिथि रहे —
शंकर राव बरगट (जेसीसी सदस्य, इंटक),तरुण रावत (हॉकी टीम कैप्टन, एसईसीएल सोहागपुर एरिया),गोविंद अग्रवाल (पूर्व डीएफएफ पदाधिकारी), प्रकाश चौधरी (फुटबॉल खिलाड़ी)।
द्वितीय पाली में विशेष अतिथि के रूप में श्रीमती रविन्दर कौर छाबड़ा (अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद धनपुरी), हनुमान प्रसाद खण्डेलवाल (उपाध्यक्ष) सहित परिषद के सभापति एवं पार्षदगण की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना की सराहना की।
03 जनवरी को होने वाले मुकाबले
दिनांक 03 जनवरी 2026 (शनिवार) को होने वाले मुकाबलों में—
चर्चा कोरिया (छ.ग.) बनाम जम्मू-कश्मीर
नागपुर रेलवे बनाम चेन्नई पुलिस
के बीच रोमांचक भिड़ंत देखने को मिलेगी।
दर्शकों का अभूतपूर्व उत्साह
देश के कोने-कोने से आई टीमों को देखने के लिए धनपुरी सहित आसपास के क्षेत्रों — बुढ़ार, अमलाई, संजयनगर, बकहो, बरगवां, बंगवार, सरईकापा, गोपालपुर, करकटी, खैरहा — से हजारों दर्शक स्टेडियम पहुंचे। पूरा स्टेडियम खचाखच भरा रहा और दर्शकों की तालियों ने खिलाड़ियों में नया जोश भर दिया।
आयोजकों को पूर्ण विश्वास है कि आगामी मुकाबलों में भी इसी तरह खेल प्रेमियों की भारी उपस्थिति बनी रहेगी और धनपुरी एक बार फिर राष्ट्रीय फुटबॉल मानचित्र पर अपनी मजबूत पहचान दर्ज कराएगा।