जोश, जुनून और जज़्बे की आग… धनपुरी मे होगा फुटबॉल का महासंग्राम!

नववर्ष पर खेलों का महाकुंभ — अखिल भारतीय गोल्ड कप फुटबॉल टूर्नामेंट से गूंजेगा धनपुरी मैदान
धनपुरी।नए साल की पहली सुबह के साथ ही धनपुरी इतिहास रचने जा रहा है। नगर पालिका धनपुरी की पहल पर ऐसा भव्य खेल आयोजन होने जा रहा है, जो आने वाले वर्षों तक लोगों की जुबान पर रहेगा। ठंड की ठिठुरन के बीच जब पूरा शहर नववर्ष का जश्न मनाएगा, उसी वक्त धनपुरी की धरती पर जोश, जुनून और जज़्बे की ऐसी लहर उठेगी, जो हर दिल में खेल के प्रति नई ऊर्जा भर देगी।नगर पालिका धनपुरी द्वारा आयोजित अखिल भारतीय गोल्ड कप फुटबॉल टूर्नामेंट 2026 का भव्य शुभारंभ 1 जनवरी 2026 से सुभाष स्टेडियम, धनपुरी (नं. 3) में होने जा रहा है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 11 जनवरी 2026 तक चलेगी, जिसमें देश के अलग-अलग राज्यों से आई 12 नामचीन फुटबॉल टीमें दमखम और हुनर का जोरदार प्रदर्शन करेंगी।
*जब मैदान बनेगा जंग का अखाड़ा, और जुनून बोलेगा गोल!*
यह टूर्नामेंट केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवाओं के सपनों, संघर्ष और आत्मविश्वास का प्रतीक है। सर्द मौसम में जब मैदान पर खिलाड़ी पूरी ताकत से दौड़ेंगे, तब हर पास, हर गोल और हर टैकल दर्शकों के रोंगटे खड़े कर देगा।प्रतिदिन दो-दो हाई-वोल्टेज मुकाबले खेले जाएंगे, जिनमें रोमांच, रणनीति और जुझारूपन का जबरदस्त संगम देखने को मिलेगा।
*भव्य तैयारियाँ, ऐतिहासिक आयोजन*
नगर पालिका धनपुरी द्वारा आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए सभी तैयारियाँ लगभग पूरी कर ली गई हैं। मैदान की साज-सज्जा, सुरक्षा व्यवस्था, खिलाड़ियों के ठहराव और दर्शकों की सुविधा को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं। देश के विभिन्न हिस्सों से खिलाड़ी धनपुरी पहुंचने लगे हैं, जिससे पूरे नगर में उत्सव जैसा माहौल बन गया है।
*गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति*
इस भव्य आयोजन की शोभा बढ़ाएंगे मुख्य अतिथि माननीय श्री बी.के. जैन जी, महाप्रबंधक, एसईसीएल सोहागपुर क्षेत्र।साथ ही नगर पालिका धनपुरी की अध्यक्ष श्रीमती रविंदर कौर छाबड़ा, उपाध्यक्ष श्री हनुमान प्रसाद खंडेलवाल, पार्षदगण एवं अनेक गणमान्य अतिथि आयोजन की गरिमा बढ़ाएंगे।
*खेल, ऊर्जा और एकता का उत्सव*
यह टूर्नामेंट केवल फुटबॉल का मुकाबला नहीं, बल्कि धनपुरी की पहचान, युवाओं की ऊर्जा और खेल संस्कृति का उत्सव है। यह आयोजन आने वाली पीढ़ी को खेलों की ओर प्रेरित करेगा और नगर को नई पहचान देगा।
*नगरवासियों से विशेष अपील*
नगर पालिका धनपुरी समस्त खेल प्रेमियों, युवाओं एवं नागरिकों से अपील करती है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें और इस ऐतिहासिक आयोजन को यादगार बनाएं।