अटल की विरासत को आगे बढ़ा रहे प्रधानमंत्री मोदी: सांसद हिमाद्री सिंह

अटल के विचार ही आज के भारत की राजनीतिक दिशा: जिला अध्यक्ष अमिता चपरा
शहडोल।
भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी जिला शहडोल द्वारा ‘अटल निलय’ जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित “अटल स्मृति पर्व” ने एक बार फिर यह स्पष्ट कर दिया कि अटल की विचारधारा आज भी देश की राजनीति की धुरी बनी हुई है। कार्यक्रम के तहत अटल के राष्ट्रवादी चिंतन, निर्णायक नेतृत्व और सुशासन की मजबूत परंपरा पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन शहडोल लोकसभा क्षेत्र की सांसद हिमाद्री सिंह ने फीता काटकर किया।
प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए सांसद हिमाद्री सिंह ने अटल के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलित कर पुष्पांजलि अर्पित की और कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अटल के विचारों को केवल स्मरण तक सीमित न रखें, बल्कि उन्हें जन-जन के आचरण में उतारें।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष अमिता चपरा ने की। इस दौरान पूर्व जिला अध्यक्ष अनुपम अनुराग अवस्थी, सांसद प्रतिनिधि प्रकाश जगवानी, जिला उपाध्यक्ष संतोष लोहानी, जिला उपाध्यक्ष एवं कार्यक्रम प्रभारी मनोज गुप्ता, जिला महामंत्री अमित मिश्रा, पूर्व जिला महामंत्री अनिल द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम की जानकारी जिला भाजपा मीडिया प्रभारी विनय केवट ने दी।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सांसद हिमाद्री सिंह ने कहा कि आज का भारत जिस आत्मविश्वास के साथ वैश्विक मंच पर खड़ा है, उसकी नींव अटल बिहारी वाजपेयी ने रखी थी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उसी नींव पर मजबूत भारत का निर्माण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत 2047 का संकल्प अटल के सपनों की ही राजनीतिक परिणति है, जिसे प्रधानमंत्री मोदी निर्णायक नेतृत्व के साथ साकार कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, परमाणु परीक्षण जैसे ऐतिहासिक फैसले अटल के दूरदर्शी नेतृत्व के प्रमाण हैं, जिन्हें देश कभी भुला नहीं सकता।
भाजपा जिला अध्यक्ष अमिता चपरा ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी केवल एक प्रधानमंत्री नहीं थे, बल्कि वे विचार, संस्कार और सिद्धांत की राजनीति के प्रतीक थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, नितिन नवीन और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के नेतृत्व में भाजपा अटल की राजनीतिक विरासत को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि आज जब देश आज़ादी के अमृत काल से गुजर रहा है, तब अटल के विचार और भी अधिक प्रासंगिक हो गए हैं। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता अटल के आदर्शों और शहीदों के बलिदान से प्रेरणा लेकर भारत को पुनः विश्व गुरु बनाने के मिशन में जुटा हुआ है।
जिला अध्यक्ष ने बताया कि शहडोल जिले के 19 मंडलों के प्रत्येक बूथ पर 25 दिसंबर को अटल जयंती कार्यक्रम आयोजित कर भाजपा कार्यकर्ता अटल के विचारों को जन-जन तक पहुंचाएंगे।