February 2, 2026

यूपी में छिपा था आरोपी, धनपुरी पुलिस ने दबोचा, दुष्कर्म प्रकरण का 5 हजार का इनामी आरोपी श्रावस्ती से गिरफ्तार

0
Screenshot_20251224-100410_WhatsAppBusiness


धनपुरी | संवाददाता
शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने के मामले में फरार चल रहे 5,000 रुपये के इनामी आरोपी को धनपुरी पुलिस ने अंतर्राज्यीय कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले से गिरफ्तार कर लिया। लगातार फरारी के बावजूद आरोपी कानून की पकड़ से बच नहीं सका और अंततः पुलिस की मुस्तैदी के आगे झुक गया।
जानकारी के अनुसार, 09 जुलाई 2025 को पीड़िता द्वारा थाना धनपुरी में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में बताया गया कि संजय कुमार यादव उर्फ सोनू, निवासी ग्राम अहिरनपुरवा, जिला श्रावस्ती (उ.प्र.) ने शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में अपराध पंजीबद्ध किया गया।
प्रकरण दर्ज होते ही आरोपी फरार हो गया। गिरफ्तारी के प्रयासों के बावजूद आरोपी हाथ नहीं आ रहा था, जिसके बाद पुलिस अधीक्षक शहडोल ने उस पर 5,000 रुपये का नकद इनाम घोषित किया। इसके पश्चात एक विशेष टीम गठित कर अंतर्राज्यीय स्तर पर लगातार दबिश दी गई।
लगातार निगरानी, तकनीकी साक्ष्य और सटीक सूचना के आधार पर 21 दिसंबर 2025 को धनपुरी पुलिस टीम ने आरोपी को उसके गृह ग्राम अहिरनपुरवा चकवा, थाना भिनगा, जिला श्रावस्ती से दबोच लिया। आरोपी को 23 दिसंबर 2025 को माननीय न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस की सख्ती का असर
इस सफल कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहडोल एवं एसडीओपी धनपुरी के निर्देशन में थाना धनपुरी पुलिस टीम की उल्लेखनीय भूमिका रही। निरीक्षक खेमसिंह पेन्द्रो, उप निरीक्षक नागेन्द्र प्रताप सिंह, सउनि राजेन्द्र शुक्ला, प्रधान आरक्षक सनत कुशवाहा एवं आरक्षक सतवंत कुमार ने जोखिम उठाकर आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित की।
धनपुरी पुलिस की इस कार्रवाई से यह स्पष्ट संदेश गया है कि महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वालों के लिए कोई भी राज्य सुरक्षित नहीं, अपराधी चाहे जितनी दूर भागे, कानून से बच नहीं सकता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed