December 9, 2025

बुढार–धनपुरी मंडल की बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को दिया SIR का स्पष्ट रोडमैप

0
IMG-20251209-WA0015


गणना पत्रक समय पर जमा व डिजिटलाइजेशन पर विशेष जोर, बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने के निर्देश

शहडोल।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश नेतृत्व के आवाहन पर मंगलवार को शहडोल जिले के बुढार एवं धनपुरी मंडल की एक आवश्यक कामकाजी बैठक आयोजित की गई। बैठक में भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती अमिता चपरा विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने कार्यकर्ताओं को SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) के संबंध में विस्तार से जानकारी देते हुए बूथ स्तर पर कार्य को तीव्र गति से पूर्ण करने के स्पष्ट निर्देश दिए।

भाजपा जिला मीडिया प्रभारी विनय केवट ने जानकारी देते हुए बताया कि जिलाध्यक्ष श्रीमती अमिता चपरा ने अपने संबोधन में कहा कि गणना पत्रक (न्यूमरेशन फॉर्म) जमा करने की समय-सीमा समाप्त होने में अब बहुत कम दिन शेष हैं। ऐसे में प्रत्येक कार्यकर्ता को पूरी सजगता, जिम्मेदारी और समर्पण के साथ कार्य करना होगा।

SIR के तहत प्रमुख निर्देश

जिलाध्यक्ष ने केंद्रीय SIR समिति के दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए कहा कि—

प्रत्येक बूथ की टोली शेष फॉर्मों की अद्यतन सूची तैयार करे और प्रतिदिन उसकी समीक्षा कर फॉर्म जमा कराए।

हर बूथ पर हेल्प डेस्क स्थापित कर न्यूमरेशन फॉर्म तेजी से भरवाकर समय पर बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।

सभी BLA-2 प्रतिदिन अपने संबंधित BLO से यह जानकारी लें कि कितने फॉर्म जमा हुए और कितने डिजिटलाइज किए गए।

प्रवासी मतदाताओं पर विशेष ध्यान दिया जाए। जो मतदाता बाहर हैं, उनसे संपर्क कर ऑनलाइन फॉर्म भरवाने या उनके परिजनों के माध्यम से ऑफलाइन फॉर्म जमा कराने का प्रयास किया जाए।

यह सुनिश्चित किया जाए कि 10 दिसंबर तक सभी फॉर्म जमा होकर डिजिटलाइज हो जाएं।

न्यूमरेशन फॉर्म के साथ किसी भी प्रकार का दस्तावेज संलग्न करने की आवश्यकता नहीं है। जमा किए गए सभी फॉर्मों के नाम ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में शामिल होंगे।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि अपने-अपने बूथ के प्रत्येक पात्र, समर्थक एवं शुभचिंतक मतदाता का फॉर्म अनिवार्य रूप से जमा कराएं।

मन की बात में 100% सहभागिता पर बधाई

जिलाध्यक्ष श्रीमती अमिता चपरा ने बुढार एवं धनपुरी मंडल द्वारा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के मन की बात कार्यक्रम को शत-प्रतिशत सफल बनाने पर सभी कार्यकर्ताओं को बधाई दी।

उपस्थिति एवं श्रद्धांजलि

बैठक की अध्यक्षता बुढार मंडल अध्यक्ष अर्जुन सोनी एवं धनपुरी मंडल अध्यक्ष अजय शर्मा ने की। बैठक में बुढार नगर परिषद अध्यक्ष शालिनी सरावगी, धनपुरी नगर पालिका परिषद अध्यक्ष रविंद्र कौर छाबड़ा, वरिष्ठ भाजपा नेता रज्जू चौरसिया, जिला मंत्री पुष्पेंद्र ताम्रकार, श्रीकृष्ण गुप्ता, विनय केवट, अनुराग शुक्ला, दीपक राय, सचिन दहिया, जानू छाबड़ा, अरविंद रजक, मोहन सोनी सहित दोनों निकायों के पार्षद, वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बैठक के उपरांत कार्यकर्ताओं ने वरिष्ठ भाजपा नेता स्वर्गीय नरेंद्र दुबे जी के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष श्रीमती अमिता चपरा ने कहा कि स्वर्गीय नरेंद्र दुबे जी हमारे मार्गदर्शक, प्रखर वक्ता और लोकतंत्र सेनानी थे। भले ही वे आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके विचार और मार्गदर्शन सदैव हमें प्रेरित करते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *