छत्तीसगढ़ के 25वें स्थापना दिवस की रजत जयंती पर एमसीबी जिले में तीन दिवसीय राज्योत्सव का भव्य शुभारंभ

प्रगति, परंपरा और एकता की चमक से सजा आत्मानंद ग्राउंडएमसीबी/02 नवम्बर 2025/ छत्तीसगढ़ राज्य के 25वें स्थापना दिवस की रजत जयंती महोत्सव का शुभारंभ मनेंद्रगढ़ के आत्मानंद ग्राउंड में उत्साह, ऊर्जा और सांस्कृतिक गौरव के साथ हुआ। तीन दिवसीय राज्योत्सव का यह आयोजन जिले की प्रगति, परंपरा और एकता का जीवंत प्रतीक बन गया, जहां 20 विभागों की प्रदर्शनी ने प्रदेश की विकास यात्रा की शानदार झलक पेश की।
दीप प्रज्ज्वलन और राजगीत के साथ हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ नगर निगम महापौर श्री राम नरेश राय, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा सरजू यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती यशवंती सिंह, जनपद पंचायत मनेंद्रगढ़ अध्यक्ष श्रीमती जानकीबाई कुसरो, नगर पंचायत झगराखाण्ड अध्यक्ष श्रीमती रीमा यादव, जनपद पंचायत भरतपुर अध्यक्ष श्री माया प्रताप सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष श्री अनिल केसरवानी तथा अन्य जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलन कर किया। सभी उपस्थितों ने मिलकर छत्तीसगढ़ राजगीत का सामूहिक गायन किया। इस दौरान कलेक्टर डी. राहुल वेंकट, पुलिस अधीक्षक श्रीमती रत्ना सिंह, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती अंकिता सोम, अपर कलेक्टर श्री अनिल कुमार सिदार, नगर निगम आयुक्त श्री राम प्रसाद आंचला, एसडीएम (रा.) श्री लिंगराज सिदार सहित सभी विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
प्रदर्शनी में दिखी जिले की विकास गाथा
तीन दिवसीय राज्योत्सव की प्रदर्शनी में 20 विभागों के स्टॉल लगाए गए, जिनमें आधुनिक मॉडल, जीवंत पोस्टर, योजनाओं की जानकारी और नवा चारों की प्रस्तुति ने जनता को खूब आकर्षित किया। लोगों की भारी भीड़ पूरे दिन स्टॉलों पर उमड़ी। बच्चों से लेकर वरिष्ठ नागरिकों तक सभी में उत्साह देखा गया। हर कोने से गूंजती तालियों ने छत्तीसगढ़ की प्रगति को नई पहचान दी।
स्टॉल में छत्तीसगढ़ की गौरव गाथा और राज्य की उपलब्धियों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। कृषक कल्याण, महिला सशक्तिकरण, जनजातीय उत्थान, सामाजिक सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और ऊर्जा विकास पर विशेष फोकस रहा। शासन की योजनाओं और पुस्तिकाओं के वितरण से विकास की जानकारी सीधे आमजन तक पहुंचाई गई।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में नई ऊंचाइयों की ओर राज्य
राज्योत्सव प्रदर्शनी में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की विकास परिकल्पना (ब्लूप्रिंट) प्रदर्शित की गई, जिसमें कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, रोजगार और आर्थिक विकास के नवाचार शामिल थे। आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ और हरित ऊर्जा की दिशा में उठाए गए कदमों की झलक दिखाई दी।
इन विभागों ने मचाया धमाल
जिला पंचायत, वन, स्वास्थ्य, उद्यानिकी, मत्स्य, कृषि, पशुधन, खाद्य, शिक्षा, खनिज, परिवहन, श्रम, पीएचई, पीडब्ल्यूडी, जनसंपर्क, आदिवासी विकास, जल संसाधन, महिला-बाल विकास, क्रेडा, विद्युत, पुलिस, एसईसीएल (चिरमिरी), लाइवलीहुड कॉलेज और पंचायत-ग्रामीण विकास विभाग ने अपने-अपने क्षेत्रों की उपलब्धियों को प्रभावशाली रूप में प्रदर्शित किया।
राज्योत्सव बना जनभागीदारी का उत्सव
किसान हितैषी नीतियों से लेकर महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य सुरक्षा और “पीएम सूर्य घर योजना” तक हर क्षेत्र की सफलता की कहानी प्रदर्शनी में झलकी। आयोजन स्थल पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने समूचे वातावरण को उत्सवमय बना दिया। लोगों ने इसे “जनभागीदारी का उत्सव” करार दिया।
राज्योत्सव की रौनक – एकता और प्रगति का प्रतीक
तीन दिवसीय राज्योत्सव ने न केवल जिले की विकास उपलब्धियों को सामने रखा, बल्कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति, आत्मसम्मान और एकता की भावना को भी नई ऊंचाई दी।