संगम अभियान से जुड़कर महिलाएं बन रही हैं स्वावलंबी


तंजरा में मनरेगा श्रमिक परिवार की महिलाओं को मिला पशुपालन का प्रशिक्षण, लखपति दीदी बनाने की पहल तेज
कोरिया 22 जुलाई 2025/ महात्मा गांधी नरेगा योजना में पंजीकृत श्रमिकों के परिवारों की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा ‘संगम अभियान‘ के तहत लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में विगत 2 दिनों विकासखंड सोनहत की ग्राम पंचायत तंजरा में पशुपालन पर एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण आयोजित किया गया, जिसमें 35 महिला हितग्राहियों ने भाग लिया।
इस प्रशिक्षण में विशेष रूप से उन महिलाओं को शामिल किया गया, जिन्हें मनरेगा के तहत पशु शेड, बकरी शेड, मुर्गी शेड और सुकर पालन शेड प्रदान किए गए हैं। प्रशिक्षण कार्यक्रम में ग्राम पंचायत के सरपंच, सचिव, बिहान टीम और मनरेगा के कार्यक्रम अधिकारी की भी उपस्थिति रही।
ग्राम पंचायत तंजरा में अब तक 50 श्रमिक परिवारों को अलग-अलग पशुपालन शेड स्वीकृत किए गए हैं। बिहान समूह से जुड़ी इन महिलाओं को लखपति दीदी बनाने के उद्देश्य से यह प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में महिलाओं को अपने पशु संसाधनों का बेहतर उपयोग कर आयवर्धन के तरीके बताए गए।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में डॉ. रामस्वरूप चंदे, पशु विभाग अधिकारी, सोनहत द्वारा बकरी, मुर्गी और अन्य पशुपालन की वैज्ञानिक विधियों, रोग नियंत्रण, आहार प्रबंधन, टीकाकरण और साफ-सफाई जैसे विषयों पर मार्गदर्शन दिया गया। महिलाओं ने अपनी जिज्ञासाएं भी साझा कीं, जिनका समाधान विशेषज्ञ द्वारा किया गया।
लक्ष्य-हर महिला बने लखपति दीदी
जिला पंचायत कोरिया के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने बताया कि कलेक्टर श्रीमती चन्दन त्रिपाठी के मार्गदर्शन में संगम अभियान के तहत यह प्रशिक्षण शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि ‘हमारा उद्देश्य है कि बिहान समूह से जुड़ी महिलाओं को आय आधारित गतिविधियों से जोड़कर ‘लखपति दीदी’ की श्रेणी में लाया जाए। संगम अभियान इस दिशा में एक ठोस कदम है।‘ डॉ. चतुर्वेदी ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में इस अभियान के सार्थक और सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे, जिससे न केवल महिलाओं की स्थिति सशक्त होगी, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
समाचार क्रमांक 77/फोटो 01 से 02/2025/मानिकपुरी
—-###—-
समाचार
परिवीक्षा अवधि में कार्यरत अधिकारी-कर्मचारी चुस्ती और जिम्मेदारी से करें कार्य- कलेक्टर श्रीमती चन्दन त्रिपाठी
कोरिया 22 जुलाई 2025/ कोरिया जिले में विभिन्न विभागों में नियुक्त नए अधिकारी- कर्मचारी इन दिनों परिवीक्षा अवधि में कार्यरत हैं। जिला कलेक्टर श्रीमती चन्दन त्रिपाठी ने उन्हें संबोधित करते हुए कहा कि यह समय बेस्ट परफॉर्मेंस का है। शासन की योजनाओं को समझने और उत्कृष्ट कार्य क्षमता दिखाने का यह उपयुक्त अवसर है।
कलेक्टर ने कहा कि परिवीक्षा अवधि केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि सेवा में अपनी दक्षता और जिम्मेदारी को साबित करने का महत्वपूर्ण दौर होता है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अधिकारी सुस्ती नहीं, चुस्ती और फुर्ती के साथ कार्य करें तथा अपने दायित्वों का निष्ठा से निर्वहन करें।
उन्होंने नवपदस्थ अधिकारियों से आग्रह किया कि जहाँ जानकारी में कमी हो, वहाँ अपने वरिष्ठों या अनुभवी स्टाफ से मार्गदर्शन अवश्य लें। कलेक्टर ने कहा कि ‘परिवार और समाज की तरह शासन-प्रशासन को भी आपसे कार्यकुशलता और व्यवहारिकता की अपेक्षा होती है।‘
अंत में उन्होंने अधिकारियों को चेताया कि ऐसा कोई कार्य न करें जिससे उनकी सेवा में बाधा उत्पन्न हो। उन्होंने विश्वास जताया कि परिवीक्षा अवधि में की गई मेहनत भविष्य में उन्हें और अधिक जिम्मेदार भूमिकाओं के लिए तैयार करेगी।