वन मंत्री केदार कश्यप की पहल से रायपुर के 70 वार्डों में पहुँचेगी हरियाली

0
IMG-20260729-WA0106

‘नेचर्स ए.टी.एम.’ के माध्यम से निःशुल्क मिलेंगे पौधे, ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान को मिला नया विस्तार

रायपुर, 29 जुलाई।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की परिकल्पना “हरियर छत्तीसगढ़” और “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान को नई गति देते हुए वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप की पहल पर रायपुर शहर के सभी 70 वार्डों में ‘नेचर्स ए.टी.एम.’ (Nature’s ATM) के माध्यम से निःशुल्क पौधा वितरण अभियान शुरू किया गया है। इस अभिनव पहल का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देना तथा प्रत्येक नागरिक को अपनी माँ के नाम पर एक पौधा लगाने के लिए प्रेरित करना है।

वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने बुधवार को नया रायपुर स्थित अपने शासकीय निवास से ‘नेचर्स ए.टी.एम.’ वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रायपुर वनमंडल द्वारा प्रारंभ किए गए इस चलित पौधा वितरण वाहन के माध्यम से शहर के सभी 70 वार्डों में घर-घर पहुँचकर नागरिकों को निःशुल्क पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे। इस पहल का संचालन प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख अरुण कुमार पांडे के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।

‘नेचर्स ए.टी.एम.’ के माध्यम से नागरिकों को फलदार, छायादार एवं अधिक ऑक्सीजन प्रदान करने वाले विभिन्न प्रजातियों के पौधे वितरित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक पौधे के संरक्षण और उसके प्रति सामाजिक जिम्मेदारी का भाव विकसित करना भी है।

इस अवसर पर वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि पेड़-पौधे हमारी आने वाली पीढ़ियों के लिए सबसे अमूल्य धरोहर हैं। माँ के सम्मान में लगाया गया एक पौधा मातृभक्ति के साथ-साथ प्रकृति संरक्षण का भी सशक्त प्रतीक है। ‘नेचर्स ए.टी.एम.’ जैसी पहल से हरियाली आमजन तक पहुँचेगी और रायपुर को अधिक स्वच्छ, हरित एवं स्वस्थ शहर बनाने में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।

कार्यक्रम में वन विभाग एवं रायपुर वनमंडल के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। वन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे ‘नेचर्स ए.टी.एम.’ से निःशुल्क पौधे प्राप्त कर “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान से जुड़ें और हरियर छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएँ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed