बस्तर के सपनों को मिली नई उड़ान : ‘छू लो आसमान’ के 24 विद्यार्थियों ने NEET में रचा सफलता का इतिहास

0
IMG-20260726-WA0125

मंत्री केदार कश्यप ने बढ़ाया मेधावी विद्यार्थियों का उत्साह, कहा— युवा ही विकसित बस्तर और विकसित छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी ताकत

मंत्री केदार कश्यप ने मेधावी विद्यार्थियों का किया सम्मान, टैबलेट भेंट कर कहा— “प्रतिभा को मिलेगा सरकार का पूरा सहयोग

दंतेवाड़ा 26 जुलाई। बस्तर के युवाओं के सपनों को नई उड़ान देते हुए करली स्थित “छू लो आसमान” आवासीय शैक्षणिक संस्था में NEET-2026 में सफल विद्यार्थियों के सम्मान का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के वन एवं जलवायु परिवर्तन, सहकारिता, परिवहन तथा संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने चयनित विद्यार्थियों का सम्मान कर उन्हें टैबलेट प्रदान किए तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि यह सफलता पूरे बस्तर की प्रतिभा, मेहनत और बदलती शिक्षा व्यवस्था का प्रेरक उदाहरण है।

मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि एक समय जिन क्षेत्रों को केवल चुनौतियों के लिए जाना जाता था, आज वहीं के युवा अपनी प्रतिभा और परिश्रम से राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर नए कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं। यह बदलते बस्तर की सकारात्मक तस्वीर है, जिस पर पूरे प्रदेश को गर्व है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य केवल शिक्षा उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि प्रत्येक प्रतिभाशाली विद्यार्थी को उसके लक्ष्य तक पहुँचाने के लिए आवश्यक वातावरण और संसाधन उपलब्ध कराना है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि यह सफलता उनके जीवन की मंजिल नहीं है उन्हें आगे सेवा, समर्पण और उत्कृष्टता की नई यात्रा की शुरुआत करनी है।

मंत्री श्री कश्यप ने “छू लो आसमान” संस्था के शिक्षकों, मार्गदर्शकों एवं अभिभावकों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनके समर्पित प्रयासों ने वनांचल के अनेक विद्यार्थियों को डॉक्टर बनने के सपने के और करीब पहुँचाया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले वर्षों में यह संस्था बस्तर के और अधिक युवाओं को चिकित्सा एवं अन्य राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता दिलाएगी।

संस्था के परिणामों के अनुसार NEET-2026 में कुल 24 विद्यार्थियों ने सफलता प्राप्त कर चिकित्सा शिक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। यह उपलब्धि बस्तर अंचल में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, विद्यार्थियों की मेहनत और संस्थान के समर्पित मार्गदर्शन का सशक्त प्रमाण है।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, दंतेवाड़ा विधायक चैतराम अटामी, जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी, प्रदेश प्रवक्ता टेकेश्वर जैन, भाजपा जिला अध्यक्ष संतोष गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, शिक्षक, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *