‘एक पेड़ माँ के नाम 3.0’ अभियान से हरित भविष्य का संकल्प और मजबूत होगा : वनमंत्री केदार कश्यप

0
IMG-20260724-WA0045

जगदलपुर में जिला स्तरीय वन महोत्सव 2026 में शामिल हुए वनमंत्री, 630 पौधों का किया गया रोपण

भारत स्काउट्स एवं गाइड्स ने रोपे गए सभी पौधों को लिया गोद, वन विभाग की योजनाओं के तहत हितग्राहियों को ₹35.98 लाख से अधिक की सहायता राशि वितरित

जगदलपुर, 24 जुलाई। वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप आज जगदलपुर स्थित शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज परिसर में आयोजित जिला स्तरीय वन महोत्सव 2026 एवं ‘एक पेड़ माँ के नाम 3.0’ अभियान में शामिल हुए। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, पर्यावरण प्रेमियों, विद्यार्थियों तथा बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति में पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया गया।

इस अवसर पर वनमंत्री केदार कश्यप ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रारंभ किया गया ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान प्रकृति और मातृत्व के प्रति हमारी संवेदनाओं को मजबूत करता है। उन्होंने सभी नागरिकों से पौधे लगाने के साथ-साथ उनके संरक्षण का भी संकल्प लेने का आह्वान किया।

वनमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में पर्यावरण संरक्षण, वन संवर्धन और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि समाज की सहभागिता से ही हरित छत्तीसगढ़ और समृद्ध बस्तर का सपना साकार होगा।

कार्यक्रम के दौरान शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज परिसर के लगभग 1.5 एकड़ क्षेत्र में 630 फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया। इसके पश्चात आयोजित ग्रीन कैनवास अभियान में वनमंत्री सहित जनप्रतिनिधियों एवं अतिथियों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए हस्ताक्षर किए।

वनमंत्री केदार कश्यप ने भारत स्काउट्स एवं गाइड्स (जिला संघ बस्तर) द्वारा रोपे गए सभी 630 पौधों को गोद लेकर उनके संरक्षण की जिम्मेदारी लेने की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी पहल बताया। उन्होंने कहा कि पौधारोपण तभी सफल माना जाएगा जब लगाए गए पौधे वृक्ष बनकर आने वाली पीढ़ियों को छाया और जीवन प्रदान करें।

इस अवसर पर वन विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत हितग्राहियों को ₹35.98 लाख से अधिक की सहायता राशि एवं डमी चेक वितरित किए गए। तेंदूपत्ता संग्राहक कल्याण योजना, प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना, मलिक मकबूजा, किसान वृक्ष मित्र योजना तथा मानव-वन्यप्राणी द्वंद्व राहत मद के लाभार्थियों को सहायता प्रदान कर सरकार की जनहितकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया।

कार्यक्रम में बस्तर सांसद महेश कश्यप, जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव, चित्रकोट विधायक विनायक गोयल, जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप, महापौर संजय पांडेय सहित अनेक जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी संस्थाओं के प्रतिनिधि, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *