भाजपा का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर प्रारंभ

0

छत्तीसगढ सिर्फ छला नहीं गया ठगा गया है- डॉ रमन सिंह

हर हाल में मिशन 2023 में हम सफल होंगे- विष्णुदेव साय

कर्मयोगी कार्यकर्ताओं ने शून्य से शिखर तक पहुंचाया- कौशिक

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ का तीन दिवसीय प्रांतीय मंडल प्रशिक्षण शिविर भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में शुक्रवार से प्रारंभ हुआ। भाजपा के तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का विधिवत रूप से दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदेव साय, नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक व संगठन महामंत्री पवन साय ने किया।
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने भाजपा के तीन दिवसीय प्रशिक्षण के प्रथम दिवस उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि हम ऐसे दल के कार्यकर्ता है जिसका लक्ष्य ही राष्ट्र निर्माण हैं, राष्ट्र के लिए कार्य करना हैं, हमारे लिए राष्ट्र प्रथम हैं और हमंे इस बात का गर्व हैं। यही विशेषता हमें अन्य राजनीतिक दलों से अलग करती हैं। हम सत्ता प्राप्ति के लिए नही सेवा के लिए कार्य करते हैं। सत्ता परिवर्तन सब चाहते हैं पर हम व्यवस्था परिवर्तन के साथ-साथ एक लक्ष्य जो राष्ट्र को विश्व पटल पर समृद्ध शक्तिशाली राष्ट्र के रूप में स्थापित करने व राष्ट्र प्रथम की भावना से कार्य करना है। उन्होंने कहा कि अंधेरा छटेगा सूरज निकलेगा और कमल खिलेगा यह मूल मंत्र अटल जी ने भाजपा के मुम्बई अधिवेशन में दिया था वह यात्रा व संघर्ष आज भी जारी हैं। पं नेहरू की तुष्टिकरण की नीति के चलते जम्मू-कश्मीर को विशेष राज्य का दर्जा दिया गया। संघ पर झूठे आरोप लगाकर प्रतिबंध लगाया गया। 21 अक्टूबर 1951 को डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नेतृत्व में जनसंघ का गठन हुआ, हमने लंबा संघर्ष देखा है। भाजपा ने सिर्फ पसीना नहीं बहाया हैं अपितु खून से सींचा हैं और पं श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी जैसे राष्ट्र नेता ने जम्मू-कश्मीर के लिए अपने प्राणों की आहूति दी है। हमारे कार्यकर्ता सिर्फ जेल नहीं गए लाठियां नहीं खाई बल्कि हजारों कार्यकर्ताओं ने अपना बलिदान दिया हैं। हमने आपातकाल को करीब से देखा हैं, इंदिरा गांधी की दमनकारी नीतियों को देखा है। एक लंबा संघर्ष रहा हैं हमारे नेताओं का जनसंघ से लेकर भाजपा तक, राम मंदिर निर्माण, धारा 370, 35ए जैसे संघर्ष की लंबी गाथा जुड़ी हैं। उन्होंने कहा कि कल क्या परिस्थिति आएगी उसके लिए हमे तैयार रहना हैं और उसके लिए प्रशिक्षण का बड़ा महत्व हैं। 1984 में 2 सीट के संघर्ष के साथ आगे बढ़ते हुए 13 दिन 13 महीने सहित 3 बार हम अटल जी के नेतृत्व में संघर्ष कर सरकार में रहे, एक सीट से सरकार चली भी गयी पर हमने समझौता नही किया हार नहीं माना यही भाजपा और भाजपा कार्यकर्ताओं की पहचान हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने कहा कि हमारे संघर्षों का ही परिणाम हैं कि 11 करोड़ से 18 करोड़ सदस्य संख्या के साथ आज हम विश्व की सबसे बड़ी पार्टी हैं। देश मे मोदी जी के नेतृत्व में पूर्ण बहुमत की सरकार हैं। उन्होंने कहा कि अगर इतिहास उठाकर देखें तो भारतीय जनसंघ ने अपने पहले घोषणा पत्र में कहा था हम 370 खत्म करेंगे आगे ट्रिपल तलाक हमारे राष्ट्रीय मुद्दे रहे और इन विषयों पर हम लगातार कायम रहे और आज जा कर मोदी जी ने इन्हें पूरा किया है। इसका तात्पर्य यह है कि भाजपा अपने मूल विचारधारा के अनुरूप कार्य करते हुए जो कहती है सो करती है। हमारा मूल उद्देश्य ‘सबका साथ-सबका विकास‘ के साथ सबका विश्वास जीतते हुए राष्ट्र के लिए कार्य करना है।
पूर्व मुख्यमंत्री डाॅ. रमन सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ केवल छला नही गया हैं बल्कि ठगा गया हैं। 50 हजार का स्मार्ट कार्ड छीन लिया, 2500 का बेरोजगारी भत्ता नहीं दिया। सीमेंट के मूल्य में रेत के मूल्य में वृद्धि कैसे हो गयी। उन्होंने कहा कि विश्व मे छत्तीसगढ़ पहला राज्य जिसने एक रुपया में चावल दिया, नमक दिया अनेक विकास कार्य किये। केंद्र सरकार की अनेक योजना छत्तीसगढ़ के हित में चल रही थी सब बंद और ठप हो गयी यह सब इस प्रदेश में चल रहा है और इन सभी बातों को प्रदेश सरकार की विफलताओं को हमें जनता तक पहुंचाना हैं। अटल जी ने छत्तीसगढ़ राज्य दिया कांग्रेस ने क्या किया और वर्तमान में क्या कर रही हैं प्रदेश की दशा इस बात की गवाह हैं इस बात की चर्चा कार्यकर्ताओं को प्रदेश के गांवों-गांवों, घर-घर तक लेकर जाना है।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में भाजपा के तीन दिवसीय प्रशिक्षण को संबोधित करते हुए कहा कि हम सभी देश ही नहीं दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी के कार्यकर्ता हैं हम सभी पार्टी नहीं परिवार हैं। इस बात का हमे गर्व हैं। भाजपा की कार्यपद्धति, भाजपा की रीति-नीति और ऐसे प्रशिक्षण ही हमे अन्य राजनीतिक दलों से अलग करती हैं हम वासुदेव कुटुम्बकम के सिद्धांत पर कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी सामान्य पृष्ठ भूमि से निकल कर लगातार संगठन से जुड़ कर कार्य करते रहे वे स्वयं प्रशिक्षण प्रमुख रहे आज देश का नेतृत्व कर रहे हैं। यह भाजपा में ही सम्भव हैं कि एक बूथ स्तर का कार्यकर्ता विश्व की सबसे बड़ी पार्टी भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बन सकता हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार की विफलताओं को भी जनता तक पहुंचाने और स्थानीय स्तर पर भूपेश बघेल सरकार की विफलताओं को पूरी ताकत से उठाने कहा।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष विष्णु देव साय ने कहा कि प्रशिक्षण का विशेष महत्व हैं। राष्ट्रीय प्रशिक्षण में राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी.नड्डा जी ने भी हमे दिशा निर्देश दिए हैं और इस प्रशिक्षण को हम सभी को मंडल स्तर तक बूथ स्तर तक बेहतर तरीके से ले जाना हैं। उन्होंने कहा कि हमारे सामने बड़ी चुनौती हैं 2023 में हमे छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनानी हैं और हम किसी भी प्रकार की चुनौतियों का सामना करते हुए सरकार बनाकर ही दम लेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार की विफलताओं को उठाना हैं इस सोई हुई सरकार को जगाना हैं। प्रदेश के किसान परेशान हैं, धान कटाई के बाद किसानों के सामनेे धान को संग्रहित कर के रखने का संकट हैं और सोई हुई सरकार 1 दिसंबर से धान खरीदी करने जा रही हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रारंभ से ही 1 नवम्बर से धान खरीदी की मांग करती रही हैं क्रांगेस के नेता विपक्ष में रहते 1 नवम्बर से धान खरीदी की पैरवी करते रहे हैं लेकिन प्रदेश के मुख्यमंत्री आज सत्ता में आते ही रंग बदल कर 1 दिसंबर से धान खरीदी की घोषणा कर किसानों का अहित करने पर आमादा हैं।
प्रशिक्षण के तृतीय सत्र में भाजपा के इतिहास एवं विकास विषय पर संबोधित करते नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि कर्मयोगी कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रवाद के विचारधारा को समाज के अन्तिम व्यक्ति तक पहुंचाया है। एक समय हम केवल दो सीटों पर निर्वाचित हुए थे लेकिन अब हम 303 के विशाल जनमत के साथ राष्ट्र के विकास के लिए कार्य कर रहे हैं। कई प्रदेशों में हमारी सरकारें हैं कर्मयोगी कार्यकर्ताओं की वजह से हम शून्य से शिखर तक पहुंचे हैं और समाज की प्रगति के लिए कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को अधिक से अधिक हमारे विचारधारा से जोड़कर हमें संगठन और मजबूत करना होगा। भाजपा का गौरवमय इतिहास रहा है और स्वर्णिम भविष्य होगा।
पूर्व संगठन महामंत्री रामप्रताप सिंह ने हमारी कार्यपद्धति एवं संगठन संरचना में हमारी भूमिका विषय पर विचार रख के कहा कि सांगठनिक शक्ति के माध्यम से हम एक वैचारिक अनुष्ठान में कार्यकर्ता भाव से जुटे हुए हैं। भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा की। प्रशिक्षण विभाग प्रभारी दीपक पटेल ने प्रशिक्षण वर्ग की उपादेयता पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन प्रशिक्षण विभाग के सहसंयोजक अवधेश जैन ने किया। इस मौके पर सच्चिदानंद उपासने, मोतीलाल साहू, श्यामबिहारी जायसवाल, संजय पाण्डेय, प्रशांत ठाकुर, अनिल केशरवानी सहित पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed