भाजपा के तीन दिवसीय प्रशिक्षण के वर्ग के प्रथम दिवस उद्घाटन सत्र को संबोधित कर डॉ. रमन व साय ने कार्यकर्ताओं का किया मार्गदर्शन

0

‘भाजपा व्यवस्था परिवर्तन के साथ-साथ राष्ट्र को समृद्ध व शक्तिशाली राष्ट्र के रूप में स्थापित करने के लक्ष्य के लिए कार्य कर रही’

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा है कि हम ऐसे दल के कार्यकर्ता हैं, जिसका लक्ष्य ही राष्ट्र निर्माण हैं, राष्ट्र के लिए कार्य करना है। हमारे लिए राष्ट्र प्रथम है और हमें इस बात का गर्व है और यही विशेषता हमें अन्य राष्ट्रीय दलों से अलग करती हैं। हम सत्ता प्राप्ति के लिए नहीं, सेवा के लिए कार्य करते हैं। सत्ता परिवर्तन सब चाहते हैं पर हम व्यवस्था परिवर्तन के साथ-साथ राष्ट्र को विश्व पटल पर समृद्ध शक्तिशाली राष्ट्र के रूप में स्थापित करने के लक्ष्य के लिए कार्य कर रहे हैं। डॉ. सिंह यहाँ आयोजित भाजपा के तीन दिवसीय प्रशिक्षण के प्रथम दिवस उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे।

भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा कि अंधेरा छँटेगा, सूरज निकलेगा और कमल खिलेगा, यह मूल मंत्र अटल जी ने भाजपा के मुम्बई अधिवेशन में जो दिया, उस मूलमंत्र के साथ भाजपा की यह यात्रा आज भी जारी है। हमारे लिए सत्ता का मतलब सेवा है, आज जब अन्य दल विचार शून्यता से ग्रस्त हैं। ऐसे समय में राष्ट्रवाद, एकात्म मानववाद के विचार से पोषित भाजपा समृध्द, सशक्त राष्ट्र की सोच रखती है। हम सत्ता परिवर्तन नही, व्यवस्था परिवर्तन के लिए कार्य करते हैं। हमारा लक्ष्य समृद्ध, सशक्त , शक्तिशाली राष्ट्र का निर्माण है। पं. नेहरू की तुष्टिकरण की नीति के चलते जम्मू कश्मीर को विशेष राज्य का दर्जा दिया गया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर झूठे आरोप लगाकर प्रतिबंध लगाया गया। तब 21 अक्टूबर, 1951 को डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी के नेतृत्व में जनसंघ का गठन हुआ। भाजपा ने अपने इस वैचारिक अधिष्ठान को खून से सींचा हैं और डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी जम्मू कश्मीर के लिए बलिदान हुए। डॉ. सिंह ने धारा 370 और अनुच्छेद 35-ए को खत्म किए जाने के केंद्र सरकार के साहसिक निर्णय की चर्चा भी की और कहा कि भारतीय जनसंघ ने अपने पहले घोषणा पत्र में कहा था, हम 370 खत्म करेंगे। आगे ट्रिपल तलाक हमारे राष्ट्रीय मुद्दे रहे और इन विषयों पर हम लगातार कायम रहे और अब प्रधानमंत्री श्री मोदी ने इन्हें पूरा किया।

प्रशिक्षण वर्ग को संबोधित करते हुए भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. सिंह ने कहा कि हमारे कार्यकर्ता सिर्फ ज़ेल ही नहीं गए, लाठियां ही नहीं खाई, बल्कि हजारों कार्यकर्ताओं ने अपना बलिदान भी दिया है। हमने आपातकाल की यंत्रणा भी करीब से देखी है, इंदिरा गांधी के दमन को देखा है। एक लंबा संघर्ष रहा है हमारे नेताओं का जनसंघ से लेकर भाजपा तक, और फिर राम मंदिर निर्माण के लिए संघर्ष। डॉ. सिंह ने कार्यकर्ताओं को आगाह किया आने वाली हर प्रतिकूल-अनुकूल परिस्थितियों के लिए हमें तैयार रहना है और उसके लिए प्रशिक्षण का बड़ा महत्व है। सन 1984 में 02 सीट के साथ संघर्ष करते हुए हमने 13 दिन 13 महीने सहित 03 बार हमें अटल जी के नेतृत्व वाली सरकार केंद्र में मिली। संसद में एक वोट से सरकार चली गयी, पर हमने न तो कोई समझौता किया और न ही कभी हार मानी। डॉ. सिंह ने कहा कि हमारे संघर्षों का ही परिणाम है कि आज 11 सदस्य से 18 करोड़ सदस्य संख्या के साथ आज हम विश्व की सबसे बड़ी पार्टी हैं। देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूर्ण बहुमत की सरकार है।

भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. सिंह ने छत्तीसगढ़ के राजनीतिक हालात को लेकर प्रदेश सरकार पर भी जमकर निशाना साधा और कहा कि छत्तीसगढ़ केवल छला ही नहीं गया है बल्कि बुरी तरह ठगा गया है। 50 हजार का स्मार्ट कार्ड छीन लिया, 25सौ रुपए का बेरोजगारी भत्ता नहीं दिया। सीमेंट के मूल्य में रेत के मूल्य में बेतहाशा वृद्धि हो गयी। विश्व में छत्तीसगढ़ पहला राज्य है, जिसने एक रुपया में चावल दिया, नमक दिया, अनेक विकास कार्य किये, केंद्र सरकार की अनेक योजनाएँ छत्तीसगढ़ के हित में चल रही थीं लेकिन कांग्रेस की प्रदेश सरकार आने के बाद सब बंद और ठप हो गयी। अटल जी ने छत्तीसगढ़ राज्य दिया, कांग्रेस ने क्या किया और वर्तमान में क्या कर रही है, प्रदेश की दशा इस बात की गवाह है।

केंद्र की उपलब्धियों के साथ ही प्रदेश की कांग्रेस सरकार की नाकामियों को भी लोगों के सामने लाएँ : साय

भाजपा के अखिल भारतीय मंडल प्रशिक्षण शिविर में विषय प्रमुखों को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कहा कि हम सभी देश ही नहीं, दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी के कार्यकर्ता हैं। हम सभी पार्टी नहीं परिवार हैं और इस बात का हमें गर्व हैं। भाजपा की कार्यपद्धति, भाजपा की रीति-नीति और ऐसे प्रशिक्षण ही हमें अन्य राजनीतिक दलों से अलग करते हैं। हम वसुधैव कुटुम्बकम् के दर्शन पर कार्य करते हैं। आज देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रशिक्षण वर्ग के प्रभारी रहे हैं। यह भाजपा में ही संभव है कि सबसे नीचे का कार्यकर्ता राष्ट्रीय अध्यक्ष बन सकता है। श्री साय ने कहा कि इस प्रशिक्षण शिविर का ध्येय केंद्र के कार्यों को लोगों तक पहुँचाने के साथ ही प्रदेश की कांग्रेस सरकार की नाकामियों को भी लोगों के सामने लाना है। आप सब को प्रशिक्षण देने के पहले विषय को अपने जीवन में अपनाना होगा ताकि श्रोता पर आप का सकारात्मक प्रभाव पड़े। श्री साय ने कहा कि आज हमारी जिम्मेदारी बड़ी है। प्रदेश में अपराध चरम पर है, राजधानी के मध्य में चाकूबाजी, हत्या आम हो गयी है। शराब, रेत, कोल, माफिया पूरे प्रदेश को लूट रहे हैं। किसानों का धान कट गया, पर सरकार खरीद नहीं रही है। इस समय भाजपा कार्यकर्ताओं का दायित्व बढ़ जाता है। उद्घाटन सत्र में भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, पादप वनौषधि बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष रामप्रताप सिंह भि उपस्थित थे। कार्यक्रम को प्रशिक्षण वर्ग संयोजक दीपक पटेल ने भी संबोधित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed