शासकीय काम-काज में गतिशीलता लाने कर्मचारी  संगठनों को सुझाव देना चाहिए: बृजमोहन अग्रवाल

0

JOGI EXPRESS

इंद्रावती भवन में आयोजित दीपावली मिलन और सम्मान समारोह में शामिल हुए कृषि मंत्री

सेवानिवृत्त अधिकारियों-कर्मचारियों का किया गया सम्मान

रायपुर, कृषि मंत्री  बृजमोहन अग्रवाल ने सरकारी काम-काज में और अधिक गतिशीलता लाने के लिए कर्मचारी संगठनों से सुझाव देने का आग्रह किया है। श्री अग्रवाल ने कहा है कि नये छत्तीसगढ़ को विकास की ऊंचाईयों तक ले जाने के 17 सालों के सफर में राज्य शासन के अधिकारियों-कर्मचारियों का योगदान भी विशेष रूप से उल्लेखनीय है। राज्य शासन की योजनाओं और कार्यक्रमों के बेहतर क्रियान्वयन की जिम्मेदारी अधिकारियों- कर्मचारियों पर होती है, जिसका निर्वहन उनके द्वारा सही ढंग से किया जा रहा है।
श्री अग्रवाल आज नया रायपुर के इंद्रावती भवन के बगीचे में छत्तीसगढ़ संचालनालयीन राजपत्रित अधिकारी संघ एवं संयुक्त कर्मचारी संघ नया रायपुर द्वारा आयोजित दीपावली मिलन एवं सम्मान समारोह को मुख्य अतिथि की आसंदी से सम्बोधित कर रहे थे। लोकसभा सांसद श्री चंदूलाल साहू ने समारोह की अध्यक्षता की। छत्तीसगढ़ बीज एवं कृषि विकास निगम के अध्यक्ष श्री श्याम बैस, पूर्व संसदीय सचिव श्री विजय बघेल समारोह के विशेष अतिथि थे। समारोह में मंत्रालय (महानदी भवन) और विभागाध्यक्ष भवन (इंद्रावती भवन) के 33 सेवानिवृत्त अधिकारियों-कर्मचारियों को शॉल, श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। नया रायपुर के गांवों के प्रतिभावान स्कूली छात्र-छात्राओं का भी सम्मान किया गया।
कृषि मंत्री श्री अग्रवाल ने कहा कि शासकीय काम-काज में पारदर्शिता के साथ गतिशीलता लाने के लिए कर्मचारी संघों को पहल करनी चाहिए। शासकीय कार्यों के अनेक स्तरों से गुजरने के कारण समय बहुत लगता है। काम-काज के चैनल को कम करने के लिए कर्मचारी-अधिकारी संगठनों की ओर से सुझाव आना चाहिए। श्री अग्रवाल ने कहा है कि अधिकारियों-कर्मचारियों के कार्य क्षमता बढ़ाने के लिए सुविधाएं भी जरूरी है। राज्य शासन द्वारा अधिकारियों-कर्मचारियों की मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करके उचित निर्णय लिया जाता है। श्री अग्रवाल ने कहा है कि नये राज्य की जनता को खुशहाल बनाने के लिए हम सबको मिलकर कार्य करना होगा। लोकसभा सांसद श्री चंदूलाल साहू ने कहा कि अधिकारी-कर्मचारी राज्य शासन और जनता के बीच की कड़ी है। शासकीय योजनाओं को जनता तक पहुंचाने का जिम्मा इन कर्मियों पर होता है। छत्तीसगढ़ कृषि एवं बीज निगम के अध्यक्ष श्री श्याम बैस, पूर्व संसदीय सचिव श्री विजय बघेल ने भी इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त किए। छत्तीसगढ़ संयुक्त अधिकारी-कर्मचारी संघ के संयोजक श्री सुभाष मिश्रा, छत्तीसगढ़ संचालनालयीन राजपत्रित अधिकारी संघ के अध्यक्ष श्री कमल वर्मा, संयुक्त कर्मचारी संघ के अध्यक्ष श्री देवलाल भारती ने अधिकारियों-कर्मचारियों की विभिन्न मांगों पर चर्चा करते हुए अपनी बातें रखी। कार्यक्रम के अंत में संयुक्त कर्मचारी संघ के कार्यकारी अध्यक्ष श्री प्रमोद श्रीवास्तव ने आभार प्रदर्शन किया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ संचालनालयीन राजपत्रित अधिकारी संघ और संयुक्त कर्मचारी संघ के अनेक पदाधिकारी, महानदी भवन और इंद्रावती भवन के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *