म्यूजिकल फाउंटेन से नया रायपुर का और बढ़ेगा सौंदर्य : मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह

0

JOGI EXPRESS

मुख्यमंत्री ने किया म्यूजिकल डांसिंग फाउंटेन एवं वीडियो शो का भूमिपूजन

राजधानी सरोवर में 75 करोड़ से बनाया जाएगा फाउंटेन एवं वीडियो शो

रायपुर, मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आज शाम नया रायपुर सेक्टर 19 स्थित राजधानी सरोवर में म्यूजिकल डांसिंग फाउंटेन मल्टीमीडिया लेजर एवं वीडियो शो का भूमिपूजन किया। इसका निर्माण रायपुर विकास प्राधिकरण द्वारा लगभग 75 करोड़ रूपए की राशि से किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. सिंह ने मौके पर राजधानी सरोवर के सौंदर्यीकरण कार्य का अवलोकन किया और कहा कि म्यूजिकल फाउंटेन की सुविधा से नया रायपुर का सौंदर्य और बढ़ जाएगा। इस अवसर पर आवासीय कालोनी-12, नया रायपुर की भूमि के लिए छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल रायपुर और रायपुर विकास प्राधिकरण के मध्य समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर भी किए गए। कार्यक्रम की अध्यक्षता आवास एवं पर्यावरण मंत्री श्री राजेश मूणत ने की।
राजधानी सरोवर में बनाए जा रहे म्यूजिकल डांसिंग फाउंटेन एवं वीडियो शो में 21 डांसिंग फाउंटेन और लगभग 35 और 12 मीटर की लम्बाई-चौड़ाई वाले वाटर स्क्रीन होगी। इसके मुख्य आकर्षण में 360 डिग्री घूमने वाला न्यूनतम 12 मीटर से अधिकतम 35 मीटर ऊंचाई के विभिन्न 105 फाउंटेन गेट होंगे। इसके अलावा 40 से भी ज्यादा 2 डी एवं 3डी डिजिटल नोजल और 200 से ज्यादा वाटर इफेक्ट होगा। सभी फाउंटेन, वाटर स्क्रीन, एक्वा पायरोटेक्निक, एलईडी लाइट, साउंट, लेजर एवं वीडियो शो को अति आधुनिक जर्मनी तकनीक के कम्प्यूटर साफ्टवेयर्स से संचालन किया जाएगा। इसमें लगभग 400 दर्शकों के लिए आधुनिकतम दर्शक गैलेरी का भी निर्माण किया जाएगा। म्यूजिकल फाउंटेन एवं वीडियो सूटिंग के इस कार्य को लगभग पांच माह में पूर्ण कर लिया जाएगा। इसके निर्माण से लोगों को राजधानी सरोवर में प्रतिदिन एक विशिष्ट आयोजन देखने को मिलेगा। यह आसपास के राज्यों से पर्यटन को भी आकर्षित करेगा। वर्तमान में देश के कांकरिया झील गांधीनगर गुजरात, गोमती रिवर फ्रंट लखनऊ, विवेकानंद पार्क कोलकाता, मोती झील मुर्शीदाबाद, जुबली पार्क जमशेदपुर झारखण्ड में इस तरह के फाउंटेन निर्मित है। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष श्री भूपेन्द्र सवन्नी और मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री अमन कुमार सिंह, लोक निर्माण विभाग के सचिव श्री सुबोध सिंह, आवास एवं पर्यावरण विभाग के सचिव श्री संजय शुक्ला, नया रायपुर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मुकेश बंसल सहित नागरिक उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed