जोगी जी का निधन एक अपूरणीय क्षति : भाजपा

0

जोगी जी के व्यक्तिव की विशेषताओं को याद किया भाजपा ने

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी ने पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी के दु:खद निधन को अपूरणीय क्षति बताते हुए उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की है। भाजपा ने स्व. जोगी की आत्मा की चिर शांति की प्रार्थना करते हुए जोगी-परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री सौदान सिंह ने कहा कि एक योग्य प्रशासक, मुखर वक्ता और कुशल राजनीतिज्ञ के तौर पर स्व. अजीत जोगी ने छत्तीसगढ़ को एक नई पहचान दी। प्रदेश उनकी सेवाओं को सदैव याद रखेगा। प्रदेश की नब्ज पर उनकी गहरी पकड़ थी। वे आजन्म प्रदेश के हित में समर्पित रहे।
भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन पवन साय ने कहा कि तमाम राजनीतिक असहमतियों के बावजूद प्रदेश की सर्वांगीण प्रगति के लिए उनकी प्रतिबद्धता थी। संगठन कौशल के वे धनी थे और यह उन्होंने छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस को अत्यल्प समय में प्रदेश की राजनीति में स्थापित कर प्रमाणित भी किया। उनका निधन प्रदेश की कभी भी न भर पाने वाली क्षति है।

भाजपा के प्रदेश कार्यालय प्रभारी और प्रदेश हाऊसिंग बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष सुभाष राव ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री जोगी के निधन का समाचार अत्यंत हृदयविदारक है। स्व. जोगी ने अपनी प्रबल जिजीविषा के बल पर प्रदेश की राजनीति को नई दिशा देने और यहाँ के ग़रीबों, आदिवासियों, किसानों, मजदूरों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने का कार्य सतत करके उनके उत्थान की चिंता की।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ताओं विधायक शिवरतन शर्मा, सच्चिदानंद उपासने, पूर्व विधायक श्रीचंद सुंदरानी, पूर्व निगम सभापति संजय श्रीवास्व व भूपेंद्र सिंह सवन्नी और भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी नलिनीश ठोकने ने भी स्व. जोगी को अपनी भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की है । भाजपा प्रवक्ताओं ने कहा कि कांग्रेस प्रवक्ता के तौर पर स्व. जोगी ने जिस मुखर वक्तृत्व का परिचय दिया, वह तथ्यपरक दृष्टि के साथ अपने पक्ष को मज़बूती के साथ रखने की उनकी तार्किक और बौद्धिक क्षमताओं का परिचायक रहा है। सम्पूर्ण प्रदेश भाजपा परिवार जोगी जी के निधन से मर्माहत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *